उत्तराखंड: गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल ने छोड़ी पार्टी, लगाए गंभीर आरोप

ख़बर शेयर करें

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल ने मंगलवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि चकराता क्षेत्र में अपनी ही पार्टी के नेताओं की आपसी खींचतान से आजिज आकर उन्होंने यह कदम उठाया है, जिससे स्थानीय राजनीति में हलचल मच गई है।

रामशरण नौटियाल चकराता क्षेत्र के प्रमुख राजनीतिक चेहरे हैं, जिन्होंने वर्ष 2022 का उत्तराखंड विधानसभा चुनाव बीजेपी के टिकट पर लड़ा था। इस चुनाव में उन्हें 27,417 वोट मिले थे, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह को 36,853 मत प्राप्त हुए थे। चुनाव में मिली हार के बाद से ही उनके और पार्टी के स्थानीय संगठन के बीच दूरियां लगातार बढ़ने लगी थीं।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: CM धामी ने हरियाणा जा रही 'सेवा यात्रा' को दिखाई हरी झंडी, हरियाणा में फैलेगी राज्य की संस्कृति

वे वर्ष 2023 से ही स्थानीय नेताओं की कार्यशैली से नाराज चल रहे थे। साल 2023 में एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि चकराता व कालसी ब्लॉक भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने जौनसार-बावर में लकड़ी की तस्करी में स्थानीय नेताओं और उनके लोगों की संलिप्तता का भी दावा किया था।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड मौसम अपडेट: 5 पर्वतीय जिलों में आज हल्की बारिश के आसार, जानें आने वाले दिनों का मिजाज

हाल के घटनाक्रमों के बीच लंबे समय तक निष्क्रिय रहने के बाद आखिरकार मंगलवार को उन्होंने पार्टी की सदस्यता से औपचारिक इस्तीफा दे दिया। वहीं दूसरी तरफ, बीजेपी के प्रदेश नेतृत्व ने इस पूरे मामले पर अनभिज्ञता जताई है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कहना है कि उन्हें रामशरण नौटियाल के इस्तीफे के संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।