Rishikesh Crime News: सोशल मीडिया की दोस्ती पड़ी भारी, 8वीं की छात्रा से होटल में दुष्कर्म..आरोपी फरार

ख़बर शेयर करें

ऋषिकेश। तीर्थनगरी क्षेत्र स्थित रेलवे स्टेशन के समीप स्थित एक होटल में नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म किए जाने रा सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश से आए आरोपी युवक ने सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती बढ़ाकर एक 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली स्थानीय छात्रा को झांसे में लिया। जिसके बाद उसने नाबालिक को रेलवे स्टेशन के समीप स्थित एक होटल में बुलाया और नशीला पदार्थ पिलाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि नाबालिग छात्रा की आरोपी से पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। बातचीत बढ़ने पर आरोपी युवक पूर्व में भी उससे मिलने ऋषिकेश आ चुका था। बीते शनिवार को आरोपी ने रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में दो दिनों के लिए कमरा बुक कराया और शाम करीब 5:30 बजे छात्रा को वहां बुलाया। आरोप है कि कमरे में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने के बाद युवक शाम 7:30 बजे तय समय से पहले ही चेकआउट करके फरार हो गया।

यह भी पढ़ें -  Dehradun: स्वाइन फ्लू की गिरफ्त में दून, मिले 8 नए मरीज, 10 साल तक के 20 बच्चे भी संक्रमित

घर पहुंचने पर जब नाबालिग छात्रा की तबीयत बिगड़ने लगी और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, तो परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए। डॉक्टरों को मामला संदिग्ध लगने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे, जहां पीड़िता ने आपबीती बताई। अस्पताल प्रशासन और पुलिस द्वारा कराई गई मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है, जिसके बाद छात्रा का उपचार जारी है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में 12 सालों में 8.1% बढ़ा हिमनद झीलों का दायरा, कुल क्षेत्रफल 82 लाख वर्ग मीटर पार

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट और फॉरेंसिक टीम ने होटल पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। हालांकि, घटना के वक्त क्षेत्र में बिजली गुल रहने के कारण आरोपी के होटल से बाहर निकलने की सीसीटीवी फुटेज रिकॉर्ड नहीं हो सकी। इसके बावजूद पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर, होटल एंट्री रजिस्टर और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

वारदात के बाद पुलिस ने होटल संचालन में बरती गई भारी लापरवाही पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जांच में पाया गया कि होटल प्रबंधन ने बिना वैध पहचान पत्र और कागजी रिकॉर्ड दुरुस्त किए नाबालिग को ठहराया था। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, पोक्सो एक्ट के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले होटल मालिक और मैनेजर की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand में 16 सितंबर से शुरू होगा 'सेवा संकल्प अभियान',धामी बोले-'घर-घर पहुंचाएं PM मोदी के कार्य'

वहीं, घटना के बाद ऋषिकेश शहर के होटलों और होमस्टे में बिना भौतिक सत्यापन के दिए जा रहे कमरों और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर पुलिस की ढिलाई पर सवाल उठ रहे हैं। पूर्व में आईडीपीएल कैसीनो प्रकरण के दौरान पुलिस ने संदिग्ध होटलों की सूची बनाकर कार्रवाई का दावा किया था। सीओ ऋषिकेश तुषार बोरा ने बताया कि होटलों की लगातार निगरानी की जा रही है और सूची में शामिल होटलों पर कड़े कदम उठाए जाएंगे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad