प्रेरणा बिष्ट की दबिश से मचा हड़कंप, लाखों की शराब बरामद

ख़बर शेयर करें

ऋषिकेश। मद्द निषेध क्षेत्र ऋषिकेश में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में सोमवार सुबह चलाए गए सघन चेकिंग अभियान में आबकारी टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 16 पेटी अवैध शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि पूछताछ में सामने आए अन्य नामों की तलाश में दबिश अभियान तेज कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार 23 जून 2026 की सुबह आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि श्यामपुर लक्कड़घाट रोड स्थित नमामि गंगे परियोजना के निकट विस्थापित कॉलोनी के सामने स्थित एक मुर्गा फार्म में भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई है। साथ ही दो व्यक्ति उक्त शराब को किसी अन्य स्थान पर ले जाने की तैयारी में हैं।

यह भी पढ़ें -  देहरादून के सौंग बांध से बुझेगी प्यास और मिलेगी 400 MW बिजली, UJVNL को मिली बड़ी जिम्मेदारी

सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रेरणा बिष्ट ने तत्काल टीम के साथ मौके पर दबिश दी। आबकारी टीम की अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर मौजूद तस्करों में हड़कंप मच गया। टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया और उनके कब्जे से कुल 16 पेटी शराब बरामद की। बरामद शराब में 12 पेटी देशी शराब और 4 पेटी अंग्रेजी शराब शामिल हैं। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।

यह भी पढ़ें -  धामों में आस्था का सैलाब, स्वास्थ्य विभाग की तैयारी बेहाल,65 दिन में हुई 200 मौतों ने खोली सिस्टम की पोल....

आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रदीप कुमार पुत्र जयसिंह निवासी श्यामपुर तथा रोहित पुत्र प्रसादीलाल निवासी भागनपुर ककराला, बिजनौर के रूप में हुई है।

सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम भी उजागर किए हैं। इसके बाद आबकारी टीम ने संबंधित व्यक्तियों की तलाश में दबिश अभियान और तेज कर दिया है। विभाग का दावा है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें -  फर्जी आयुर्वेदिक डॉक्टरों पर फिर गिरेगी गाज,धड़ल्ले से चल रहे फर्जी क्लीनिकों पर लगेगा ताला

गौरतलब है कि आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट पिछले कुछ समय से ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ लगातार आक्रामक अभियान चला रही हैं। उनकी अगुवाई में हुई लगातार कार्रवाईयों ने शराब तस्करों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मद्द निषेध क्षेत्र में की गई यह ताजा कार्रवाई भी साफ संकेत है कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ आबकारी विभाग का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है और कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad