दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों में सभी भारत के, अकेले यूपी के 26 शहर सूची में शामिल

ख़बर शेयर करें

वैश्विक स्तर पर मौसम और हवा की गुणवत्ता ट्रैक करने वाली संस्था ‘एक्यूआई’ द्वारा जारी आंकड़ों ने देश में बढ़ रही भीषण गर्मी को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला और हैरान कर देने वाला खुलासा किया है। संस्था द्वारा सुबह जारी की गई दुनिया के 50 सबसे गर्म शहरों की सूची में सभी के सभी शहर भारत के दर्ज किए गए हैं, जिसमें इन शहरों का औसत अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

इस सूची में सबसे डराने वाली स्थिति उत्तर प्रदेश की है, क्योंकि दुनिया के इन 50 सबसे गर्म स्थानों में से आधे से अधिक यानी 26 शहर अकेले यूपी के हैं, जहां सुबह से लेकर रात तक धरती पूरी तरह धधक रही है और लोग लू के थपेड़ों से बेहाल हैं। देश के कई हिस्सों में रात का तापमान भी 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे लोगों को चौबीसों घंटे गर्मी से कोई राहत नहीं मिल पा रही है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में घरेलू सिलेंडरों की भारी किल्लत से बढ़ा बैकलॉग, कमर्शियल गैस की मांग में आई बड़ी गिरावट

देश के अलग-अलग राज्यों में पारे का टॉर्चर

शुक्रवार को देश के 19 शहरों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश का बांदा जिला 46.4 डिग्री तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म क्षेत्र रहा। वहीं विदर्भ का ब्रह्मपुरी इलाका 47.2 डिग्री सेल्सियस के साथ पूरे देश में सर्वाधिक गर्म स्थान दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में आसमान पर पहुंचे फल-सब्जियों के रेट, टमाटर-नींबू ने छुड़ाए पसीने,प्याज ने निकाले आसूं

अन्य राज्यों की बात करें तो ओडिशा के बलांगीर में पारा 45 डिग्री रहा, जबकि महाराष्ट्र के चंद्रपुर और यूपी के प्रयागराज में यह 44 डिग्री तक पहुंच गया। इस सूची में देश के अलग-अलग हिस्सों के कुल छह शहरों का तापमान 44 डिग्री, 17 शहरों का 43 डिग्री और 24 शहरों का तापमान 42 डिग्री मापा गया है, जिनमें उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा और छत्तीसगढ़ के 5-5 तथा तेलंगाना के 4 शहर मुख्य रूप से शामिल हैं।

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में तेज हवा

मैदानी इलाकों में जहां सूरज की तपिश और लू का कहर जारी है, वहीं उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में शनिवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 23 मई को राज्य के पर्वतीय जिलों में बिजली चमकने और बादलों की गर्जना के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है, जिसके लिए बकायदा येलो अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून पैनेसिया अस्पताल अग्निकांड, स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से रद्द किया लाइसेंस

इस मौसमी बदलाव के चलते उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे ऊंचाई वाले जिलों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की भी उम्मीद है, जिससे वहां के तापमान में मामूली गिरावट आएगी, हालांकि राज्य के मैदानी हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क और गर्म बना रहेगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad