नई टिहरी। उत्तराखंड के नई टिहरी जिला अंतर्गत जाखणीधार बाजार में एक नाबालिग किशोरी को दुकान के अंदर बंधक बनाकर छेड़छाड़ करने का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने सोमवार को पीड़िता की मां की तहरीर पर पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान रईस पुत्र शफीक के रूप में हुई है। आरोपी रईस मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के धामपुर क्षेत्र के स्योहारा का रहने वाला है, जो यहां जाखणीधार बाजार में दुकान चलाता था।
दुकान के अंदर किशोरी को रोका, वीडियो वायरल
पीड़िता की मां द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, आरोपी रईस ने उनकी नाबालिग बेटी को अपनी दुकान के अंदर जबरन कुछ समय तक रोके रखा और उसके साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। इस पूरी घटना का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। हालांकि, समाचार पत्र इस वायरल वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
जाखणीधार के थाना प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस टीम ने बिना देरी किए आरोपी रईस के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।
देवभूमि की शांत वादियों में ये बर्दाश्त नहीं: विहिप
इस घिनौनी वारदात के सामने आने के बाद विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। घटना के विरोध में विहिप पदाधिकारियों ने जाखणीधार बाजार में सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग की। विहिप नेताओं ने दो टूक कहा कि पहाड़ की शांत संस्कृति पर ऐसे आघात किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
प्रदर्शन में शामिल रहे ये प्रमुख चेहरे
आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हुए इस उग्र प्रदर्शन में विहिप और बजरंग दल के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। जिनमें विहिप प्रखंड अध्यक्ष देवेन्द्र पंवार और उपाध्यक्ष सतीश पंवार, विहिप जिला अध्यक्ष यशपाल सिंह सजवाण और विभाग मंत्री गौरव, सुरम तोपवाल, जिला मंत्री विनय तिवारी और जिला उपाध्यक्ष विजेंद्र कुमाई, बजंरग दल प्रखंड संयोजक सुभाष, सह संयोजक गौरव और देवी प्रसाद रतूड़ी मुख्य रुप से शामिल रहे।
इन सभी नेताओं ने सामूहिक रूप से पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि महिला सुरक्षा के मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आरोपी को कठोरतम सजा मिलनी तय होनी चाहिए। पुलिस अब मामले की आगे की कानूनी जांच में जुटी है।

