देहरादून महायोजना-2041 पर MDDA का बड़ा कदम: 6 जुलाई से शुरू होगी 16 दिवसीय सेक्टर-वार जनसुनवाई

ख़बर शेयर करें

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने देहरादून महायोजना-2041 को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण की ओर से आम नागरिकों, भू-स्वामियों और विभिन्न संस्थाओं की आपत्तियों व सुझावों के निस्तारण के लिए 16 दिवसीय सेक्टर-वार जनसुनवाई कार्यक्रम जारी किया गया है।

यह जनसुनवाई 6 जुलाई से शुरू होकर 21 जुलाई तक शहर के अलग-अलग 12 सेक्टरों और निर्धारित स्थानों पर आयोजित की जाएगी, जिसका समय सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक रहेगा। MDDA के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के अनुसार, महायोजना-2041 देहरादून के दीर्घकालिक और व्यवस्थित विकास का एक अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज है, इसलिए जनता से मिलने वाले हर रचनात्मक सुझाव और आपत्ति का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा ताकि भविष्य की विकास योजनाओं में आम जनमानस की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

यह भी पढ़ें -  लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड: बायोमेट्रिक लॉक बना काल, आग लगते ही जाम हुआ दरवाजा, 15 छात्रों की मौत

इस कार्यक्रम के तहत, 6 जुलाई को सेक्टर-1 की जनसुनवाई राप्रावि अजबपुर खुर्द में होगी। इसके बाद 7 जुलाई को सेक्टर-2 (ग्राफिक एरा विवि), 8 जुलाई को सेक्टर-3 (दून विवि परिसर), 9 जुलाई को सेक्टर-4 (नगर निगम टाउन हॉल) और 10 जुलाई को सेक्टर-5 (महेंद्र प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज) में सुनवाई रखी गई है।

यह भी पढ़ें -  जौनपुर ब्लॉक के ग्रामीणों का बड़ा फैसला, बाहरी लोगों को जमीन बेचने पर लगाई पूरी तरह रोक

आगे के शेड्यूल में 13 जुलाई को सेक्टर-6 (आईटीआई पार्क), 14 जुलाई को सेक्टर-7 (जीआरडी यूनिवर्सिटी), 15 जुलाई को सेक्टर-8 (सीएनआई गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजपुर रोड), 17 जुलाई को सेक्टर-9 (ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी), 18 जुलाई को सेक्टर-10 (तहसील देहरादून मिनी टाउन हॉल), 20 जुलाई को सेक्टर-11 (पॉलिटेक्निक भवन, सुद्धोवाला) और अंतिम दिन 21 जुलाई को सेक्टर-12 की सुनवाई वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट, चंद्रबनी रोड में की जाएगी। एमडीडीए ने सभी संबंधित नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र की निर्धारित तिथि व स्थान पर पहुंचकर अपने सुझाव दर्ज कराएं।