देहरादून। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को भू-माफियाओं और अवैध निर्माणकर्ताओं के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा ध्वस्तीकरण अभियान चलाया है। प्राधिकरण की टीम ने अलग-अलग सेक्टर्स में कार्रवाई करते हुए 170 बीघा से अधिक भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को पूरी तरह मलबे में तब्दील कर दिया। इसके साथ ही बिना नक्शा पास कराए बन रहे तीन बड़े व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया गया है।
MDDA की इस अचानक हुई कार्रवाई से देहरादून, मसूरी, रानीपोखरी और थानो क्षेत्र के प्रॉपर्टी डीलरों और अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप मच गया है। प्राधिकरण ने साफ किया है कि यह कार्रवाई बिना किसी पक्षपात के नियमों का उल्लंघन करने वाले हर प्रोजेक्ट पर की जा रही है।

जानें कहां-कहां चला एमडीडीए का बुलडोजर
पेलियो गणेशपुर क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई हुई, जहां भू-माफियाओं द्वारा बिना अनुमति के लगभग 150 बीघा की विशाल भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया गया। वहीं रानीपोखरी स्थित गढूल सूर्यधार टीम ने सरकारी बुलडोजर की मदद से करीब 50 बीघा भूमि पर काटी जा रही अवैध कॉलोनी की सड़कों और बाउंड्रीवॉल को जमींदोज किया।थानो क्षेत्र: यहाँ बिना किसी सक्षम स्वीकृति और प्रशासनिक अनुमति के 2 बीघा भूमि पर चल रही अवैध प्लॉटिंग को पूरी तरह साफ कर दिया गया।

हाईटेंशन लाइन के नीचे बन रहा कॉम्प्लेक्स सील
जमीन को कब्जे से मुक्त कराने के साथ ही एमडीडीए ने अवैध व्यावसायिक निर्माणों पर भी कड़ा शिकंजा कसा है। प्रेमनगर के केहरी गांव में बिना किसी स्वीकृत नक्शे के और सीधे हाईटेंशन लाइन के नीचे व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा था, जिसे टीम ने मौके पर ही सील कर दिया। इसके अलावा, मसूरी के वीआईपी इलाके आरके वर्मा रोड पर चल रहे एक अवैध निर्माण को भी सीलिंग की जद में लिया गया।
वहीं, थानो-धारकोट मार्ग पर बिना अनुमति के बनाए जा रहे एक अन्य व्यावसायिक परिसर को एमडीडीए के अधिकारियों ने सील कर उस पर सरकारी बोर्ड टांग दिया है। MDDA के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने इस कार्रवाई पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए कहा कि शहर के सुनियोजित विकास और मास्टर प्लान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध प्लॉटिंग और बिना नक्शे के हो रहे निर्माणों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी आक्रामकता के साथ जारी रहेगा।
प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि सभी सर्किलों और सेक्टर्स में खुफिया निगरानी बढ़ा दी गई है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी प्लॉट को खरीदने से पहले एमडीडीए से उसकी वैधता की जांच जरूर कर लें। जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां सीधे सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी।

