Dehradun: MDDA की सख्त कार्रवाई, नक्शे के विपरीत निर्माण कराने पर सील हुई बहुमंजिला इमारत

ख़बर शेयर करें

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने 1 सितंबर 2026 को देहरादून जिले के ऋषिकेश स्थित हरिपुर कलां क्षेत्र में स्वीकृत मानचित्र का उल्लंघन कर बनाए जा रहे अनाधिकृत निर्माण पर सीलिंग की बड़ी कार्रवाई की है। एमडीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर सक्षम अग्रवाल और विकास अग्रवाल द्वारा नक्शे से हटकर कराए जा रहे निर्माण स्थल को सील कर दिया। प्राधिकरण के इस कड़े कदम से अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया है।

प्राधिकरण को सूचना मिली थी कि संबंधित पक्ष द्वारा स्वीकृत नक्शे के मानकों की अनदेखी कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एमडीडीए की विशेष जांच टीम ने जब मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया, तो निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप नहीं पाया गया।

यह भी पढ़ें -  स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026' में देहरादून को मिला 12वां स्थान, जबकि ऋषिकेश-काशीपुर फिसले

निरीक्षण के दौरान धांधली सामने आने पर एमडीडीए की टीम ने संबंधित पक्ष को नियमानुसार निर्माण रोकने और मानकों का पालन करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद जब मौके पर अनाधिकृत निर्माण लगातार जारी रहा, तो प्राधिकरण ने सख्त प्रशासनिक कदम उठाते हुए पूरी इमारत को सील कर दिया।

यह भी पढ़ें -  दावा हजारों का, मैदान में खाली कुर्सियां! कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन की खुली पोल.....?

एमडीडीए अधिकारियों ने साफ किया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में भवन निर्माण के लिए स्वीकृत नक्शे का शत-प्रतिशत पालन करना अनिवार्य है। बिना अनुमति या स्वीकृति के विपरीत किए जा रहे किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे सभी मामलों में दंडात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

मामले पर एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध निर्माण की शिकायतों पर बिना किसी ढिलाई के त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में केवल स्वीकृत नक्शे के तहत ही निर्माण की अनुमति दी जाएगी ताकि शहरों के सुनियोजित विकास को बढ़ावा दिया जा सके।

यह भी पढ़ें -  Dehradun: मसूरी मालरोड पर पिक्चर पैलेस के पास पड़ीं गहरी दरारें, आधा फीट धंसी सड़क

वहीं एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने चेतावनी दी है कि निर्माणकर्ताओं को भवन निर्माण संबंधी सभी नियमों का पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी जहां कहीं स्वीकृत मानचित्र से विचलन कर निर्माण किया जाएगा, वहां प्राधिकरण द्वारा सीलिंग और कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।