देहरादून। अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए आबकारी विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में अपनी सख्त कार्यशैली के लिए चर्चित आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट ने एक बार फिर “लेडी सिंघम” की छवि को साबित करते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। उनके नेतृत्व में गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को ऋषिकेश आबकारी टीम ने बलावाला, नकरौंदा और नवादा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के अड्डों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने विभिन्न ठिकानों से देसी और अंग्रेजी शराब का बड़ा जखीरा बरामद किया। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त पाए जाने पर तीन आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
आबकारी विभाग ने बताया कि प्रदीप रावत पुत्र गोविंद सिंह रावत (फास्ट फूड संचालक, नवादा), विकास पुत्र ऋषिपाल निवासी मालसी पुलिया, बलावाला तथा नीरज यादव पुत्र मथुरा प्रसाद निवासी गूलरघाटी, बलावाला के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।
आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर अवैध शराब के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने भी आबकारी विभाग की मुस्तैदी की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि ऐसे अभियान लगातार चलते रहने से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

