हरिद्वार कुंभ 2027: मुख्य सचिव ने लिया तैयारियों का जायजा, दिए समय पर काम पूरा करने के निर्देश

ख़बर शेयर करें

हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को धरातल पर परखने के लिए हरिद्वार में विभिन्न निर्माणाधीन स्थलों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अरबेनिया वाहन में बैठकर रोड़ी-बेलवाला से लेकर रोशनाबाद, कनखल, दक्षद्वीप, बैरागी कैंप और सीसीआर टावर तक चल रही परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और समयसीमा का जायजा लिया। मुख्य सचिव के इस दौरे से महाकुंभ निर्माण कार्यों की रफ्तार तेज होने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कुंभ मेला से जुड़ी सभी विकास परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। उन्होंने धीमी गति से चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी करने और बाधाओं को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कार्यदायी संस्थाओं और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड रोडवेज को झटका: 200 नई BS-6 बसों का टेंडर अचानक निरस्त, यात्रियों की बढ़ीं मुश्किलें

मुख्य सचिव ने कहा कि महाकुंभ के दौरान देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के हरिद्वार आने की संभावना है। ऐसे में सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, पार्किंग और पैदल मार्गों से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं का काम समय पर पूरा होना अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों के दौरान स्थानीय नागरिकों की सुविधा, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।

रोड़ी-बेलवाला क्षेत्र में उन्होंने उत्तराखण्ड निवेश एवं अवस्थापना विकास बोर्ड की प्रशासनिक मार्ग परियोजना तथा हरकी पैड़ी पुनर्विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण के 5 साल बाद परिसंपत्तियों के स्थायी रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित निकायों को सौंपने का औपचारिक मसौदा तैयार किया जाए। बता दें कि प्रशासनिक मार्ग के लिए ₹4325.14 लाख और हरकी पैड़ी रिवाइटलाइजेशन के लिए ₹6677.21 लाख स्वीकृत हैं।

यह भी पढ़ें -  हरिद्वार के ऋषिकुल संस्थान का होगा कायाकल्प, CM धामी ने तय की 2 साल की डेडलाइन

हाथीपुल से अलकनंदा के बीच घाटों के सुधार कार्यों का जायजा लेते हुए मुख्य सचिव ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत रेलिंग और चेन लगाने के निर्देश दिए। ऋषिकुल क्षेत्र में ओल्ड दिल्ली-नीतिपास मार्ग के नवीनीकरण के दौरान फुटपाथों पर पौधरोपण कर हरियाली विकसित करने पर जोर दिया गया। दूधाधारी चौक से ज्वालापुर तक PWD की सड़कों के सुधार के लिए ₹2164.49 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।

उन्होंने शिवमूर्ति चौक, शंकर आश्रम चौक और भगत सिंह चौक के चौराहों के सुधार कार्य, रोशनाबाद में निर्माणाधीन ड्रग वेयरहाउस और दक्षद्वीप में 60 मीटर स्पान के पुल का निरीक्षण कर काम जल्द पूरा करने को कहा। वहीं सीसीआर-2 भवन का काम समय से पहले निपटाने के लिए आवश्यकतानुसार दिन-रात काम कराने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें -  देहरादून बना स्वाइन फ्लू का हॉटस्पॉट: एक ही दिन में मिले 25 नए मरीज, 383 पहुंचा आंकड़ा

इसके बाद डाम कोठी में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने टीयूवी एसयूडी, क्वालिटी ऑस्ट्रिया और ब्यूरो वेरिटास जैसी थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच एजेंसियों के प्रतिनिधियों से प्रगति की रिपोर्ट ली। उन्होंने एनएच निर्माण से प्रभावित होने वाले पार्किंग स्थलों के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने और भीड़ प्रबंधन की ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने मुख्य सचिव को आश्वस्त किया कि कुंभ मेला 2027 के सभी निर्माण कार्य निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं और गुणवत्ता की बहुस्तरीय निगरानी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत भुल्लर सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।