ITI निरंजनपुर में TVS ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ का उद्घाटन, मंत्री सौरभ बहुगुणा ने युवाओं को दी बड़ी सौगात

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड के युवाओं के कौशल विकास और उन्हें रोजगार के आधुनिक अवसर प्रदान करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। दून के निरंजनपुर स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मंगलवार को टीवीएस मोटर कंपनी की ओर से स्थापित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ वर्कशॉप का भव्य उद्घाटन किया।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे मंत्री ने कहा कि इस आधुनिक केंद्र की शुरुआत से प्रदेश के युवाओं को उद्योग जगत की नवीनतम और आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिल सकेगा, जिससे उनके लिए रोजगार के नए और बेहतर अवसर सृजित होंगे।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में नक्शा पास कराने के नियम बदले, आवासीय क्षेत्रों में कमर्शियल निर्माण पर पूरी तरह लगा बैन

इस शानदार पहल को धरातल पर उतारने के लिए कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग और टीवीएस मोटर कंपनी के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता MoU पर भी हस्ताक्षर किए गए हैं, जिस पर विभाग के निदेशक प्रशिक्षण एवं सेवायोजन संजय कुमार और टीवीएस कंपनी के ऑल इंडिया हेड प्रसाद कृष्णन ने अपनी सहमति देते हुए साइन किए।

इस नई साझेदारी के तहत सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में विद्यार्थियों को मैकेनिक मोटर व्हीकल, दोपहिया और तिपहिया वाहन मेंटेनेंस तथा ऑटो बॉडी रिपेयर से जुड़ा विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। टीवीएस कंपनी ने तकनीकी सहयोग के रूप में इस केंद्र को आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक वाहन, कट सेक्शन मॉडल, एडवांस उपकरण, टूल्स, शिक्षण सामग्री और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: शराब ओवररेटिंग पर सख्त हुईं आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल, लापरवाही पर नपेंगे जिम्मेदार अधिकारी

इसके साथ ही इस प्रशिक्षण केंद्र में अत्याधुनिक कार्यशाला उपकरण और डायग्नोस्टिक मशीनें भी स्थापित की गई हैं ताकि बच्चे थ्योरी के साथ-साथ प्रैक्टिकल में भी माहिर बन सकें। सचिव एन. रविशंकर ने इस मौके पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि टीवीएस समूह के सहयोग से स्थापित यह केंद्र विद्यार्थियों को आज के उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने में एक मील का पत्थर साबित होगा।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड सरकार 100 ट्रेक रूट्स की कराएगी GPS/GIS मैपिंग, CM धामी ने दी हरी झंडी

उद्घाटन के इस खास कार्यक्रम के दौरान अपर सचिव नरेंद्र सिंह भंडारी, अपर निदेशक एके त्रिपाठी, उप निदेशक निरंजन खुगशाल और आईटीआई निरंजनपुर दून के प्रधानाचार्य दिनकर रौतेला सहित कई गणमान्य लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे।