चारधाम यात्रा पर फेक वीडियो और अफवाह फैलाई तो खैर नहीं, दून DM ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश

ख़बर शेयर करें

देहरादून के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने चारधाम यात्रा के मद्देनजर सोशल मीडिया पर झूठी अफवाहें और फेक वीडियो प्रसारित कर भ्रम फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ बेहद कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ऐसे लोगों के विरुद्ध तत्काल और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही, यात्रा मार्गों पर यातायात के भारी दबाव को कम करने के लिए उन्होंने एक बड़ा फैसला लेते हुए निर्देश दिया है कि रात्रि 10 बजे के बाद केवल आवश्यक वस्तुओं से जुड़े वाहनों के आवागमन को ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि मार्ग पर जाम की स्थिति न बने। जिलाधिकारी ने आम जनता तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए नगर निगम, एमडीडीए, स्मार्ट सिटी, एफएम रेडियो और विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों की मदद से एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी विशेष बल दिया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड दौरे से पहले राहुल गांधी पर CM धामी ने कसा तंज, कहा-'सेना का अपमान करने वालों को सैनिक ही देंगे जवाब'

अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण के आदेश

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार को चारधाम यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। इस बैठक के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि प्रमुख यात्रा पड़ावों पर SDM और CO द्वारा संयुक्त रूप से धरातलीय निरीक्षण किया जाए ताकि सुरक्षा और व्यवस्थाओं का सटीक जायजा लिया जा सके।

यह भी पढ़ें -  चुनाव खर्च का ब्योरा न देने वाले 336 प्रत्याशी अयोग्य घोषित, 3 साल तक चुनाव लड़ने पर लगी रोक

उन्होंने पंजीकरण केंद्रों और होल्डिंग एरिया में तीर्थयात्रियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ पूरे यात्रा मार्गों पर नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने की हिदायत दी है।

स्वास्थ्य और ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष ध्यान

बैठक में यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए बुनियादी सुविधाओं को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए गए, जिसमें यात्रा मार्गों पर स्वच्छ पेयजल और आवश्यक दवाओं की निरंतर उपलब्धता शामिल है। इसके साथ ही शौचालयों की नियमित सफाई करने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड की हर ग्राम पंचायत में मिलेगी बिजली, पानी और सड़क; पंचायती राज मंत्री ने दिए सख्त निर्देश

जिलाधिकारी ने खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने, सामानों की ओवररेटिंग पर लगाम लगाने, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, स्ट्रीट लाइटों की कार्यशीलता और स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार मॉनिटरिंग करने के सख्त निर्देश दिए हैं। यात्रा के दौरान अव्यवस्थाओं से बचने के लिए मार्गों पर प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन, आवश्यक वस्तुओं के मूल्य नियंत्रण, पंजीकरण केंद्रों पर भीड़ प्रबंधन, वाहनों की फिटनेस जांच और आरटीओ चेकिंग को और अधिक बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad