देहरादून से एक बेहद चौंकाने वाला और दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक सरकारी शिक्षक पर अपनी ही पत्नी की जिंदगी से खिलवाड़ करने और उसकी जान लेने का गंभीर आरोप लगा है। पौड़ी गढ़वाल के त्रिपालीसैण निवासी एक सहायक अध्यापक ने कथित तौर पर अपने HIV संक्रमित होने की बात अपनी पत्नी से पूरी तरह छिपा कर रखी, जिसके कारण संक्रमण उसकी पत्नी में भी फैल गया और अंततः महिला की मौत हो गई।
इस अमानवीय कृत्य के सामने आने के बाद नेहरू कॉलोनी निवासी मृतका की बहन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। तहरीर के आधार पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने आरोपी शिक्षक और उसके परिजनों के खिलाफ धोखाधड़ी, साज़िश और लापरवाही से किसी की जान जोखिम में डालने की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
इस पूरे मामले में आरोपी शिक्षक की क्रूरता और धोखाधड़ी का सिलसिला तब उजागर हुआ जब पीड़िता की हालत गंभीर होने पर उसे गत 14 फरवरी को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में जांच के दौरान जब महिला के HIV पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई, तो डॉक्टरों ने उसके पति को खुद का और अपने बेटे का भी एचआईवी टेस्ट कराने की सख्त सलाह दी, लेकिन आरोपी शिक्षक सच सामने आने के डर से अस्पताल से चुपचाप गायब हो गया।
इसके बाद अपनी करतूतों पर पर्दा डालने के लिए आरोपी ने 19 फरवरी को व्हाट्सएप पर एक मेडिकल टेस्ट रिपोर्ट भेजी, जिसमें खुद को एचआईवी नेगेटिव दिखाया गया था, लेकिन जांच करने पर वह रिपोर्ट पूरी तरह फर्जी पाई गई। हद तो तब हो गई जब आरोपी अपनी गंभीर रूप से बीमार पत्नी को अस्पताल में तड़पता हुआ लावारिस छोड़कर अपने गांव भाग गया और उचित इलाज व मानसिक आघात के कारण गत 2 मार्च को तड़प-तड़प कर पीड़िता की मौत हो गई।

