देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जोहड़ी तिराहे पर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां हरियाणा के भिवानी के रहने वाले एक कार चालक ने अपनी गाड़ी को बीच सड़क पर खड़ा कर पूरे यातायात को बुरी तरह बाधित कर दिया था।
जब वहां ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने उसे वाहन हटाने के लिए टोका और इसका विरोध किया, तो युवक उग्र हो गया और कार से चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमला करने के इरादे से उनके पीछे दौड़ पड़ा। इस अप्रत्याशित हरकत से पूरे तिराहे पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही जाखन चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सूझबूझ दिखाते हुए चाकू लहरा रहे युवक को किसी तरह काबू में लेकर गिरफ्तार कर लिया और उसकी कार को सीज कर दिया। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार आरोपी की पहचान विनय पुत्र सूरज भान के रूप में हुई है, जिसका एल्कोमीटर टेस्ट कराने पर उसके अत्यधिक शराब पीने की पुष्टि भी हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक की दबंगई और पुलिस की बेबसी साफ तौर पर देखी जा सकती है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवक ने सड़क पर गलत तरीके से यू-टर्न लेते हुए अपनी कार को बीच में ही रोक दिया, जिससे देखते ही देखते लंबा जाम लग गया।
जब मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने उसे नियम का पाठ पढ़ाना चाहा, तो युवक ने आव देखा न ताव और सीधे चाकू निकाल लिया। युवक के हाथ में धारदार हथियार देखकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी भी अपनी जान बचाने के लिए पीछे हटते हुए नजर आए। इसके बाद आरोपी युवक बड़े आराम से सड़क पार कर दूसरी तरफ गया और एक दुकान से पानी की बोतल लेकर वापस अपनी कार के पास लौट आया।
पुलिस पूछताछ और जांच के दौरान आरोपी युवक के इस हिंसक व्यवहार के पीछे पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव की बात भी सामने आई है। आरोपी की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उसका पति पिछले कुछ समय से गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रहा है और दिल्ली में उसका मनोरोग का इलाज भी चल रहा है।
दरअसल, आरोपी की पत्नी अपने मायके देहरादून आई हुई थी और उसी से मिलने के लिए वह हरियाणा से यहां पहुंचा था। अत्यधिक शराब के नशे और मानसिक अस्थिरता के कारण उसने सड़क पर इस तरह के खौफनाक और गैर-जिम्मेदाराना उपद्रव को अंजाम दे डाला।

