नैनीताल। नैनीताल के ज्योलीकोट क्षेत्र में सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। दो गांव के समीप दूध और अन्य डेरी प्रोडक्ट से भरा एक अनियंत्रित ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मौके पर पहुंची ज्योलीकोट पुलिस ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला और हल्द्वानी अस्पताल भिजवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुयालबाड़ी रामगाढ़ निवासी बालम सुयाल सोमवार तड़के अपनी गाड़ी (UK04-A 9728) में आनंदा दूध डेयरी का दूध और अन्य डेरी प्रोडक्ट लोड करके नैनीताल की ओर आ रहे थे। जैसे ही उनका वाहन दो गांव के पास पहुंचा, अचानक ट्रक से नियंत्रण छूट गया और वह सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा समाया।
हादसा बेहद खतरनाक था, लेकिन गनीमत यह रही कि ट्रक चालक बालम सुयाल ने गजब की सूझबूझ दिखाते हुए खाई में गिरते वक्त वाहन से छलांग लगा दी। समय रहते कूद जाने के कारण उनकी जान बाल-बाल बच गई, हालांकि इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही ज्योलीकोट चौकी पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। चौकी के कांस्टेबल मलकीत सिंह, अनूप सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों ने बिना वक्त गंवाए मौके पर मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को खाई से बाहर निकाला।
पुलिस टीम ने 108 आपातकालीन सेवा की मदद से घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के हायर सेंटर भिजवा दिया है। इस दुर्घटना के कारण वाहन में लदा हजारों रुपये का डेरी प्रोडक्ट और दूध पूरी तरह बर्बाद हो गया है।
पर्वतीय मार्गों पर लगातार हो रही ऐसी दुर्घटनाओं ने एक बार फिर पहाड़ी रास्तों पर सुरक्षा और यातायात नियमों की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और मार्ग पर स्थिति सामान्य है।

