Dehradun Triple Murder: रायपुर में चोरी के इरादे से घर में घुसे आरोपी, बुजुर्ग दंपती समेत नौकरानी को पेचकस से गोदा

ख़बर शेयर करें

देहरादून। देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े चोरी के इरादे से घर में घुसे एक प्लंबर ने बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी की पेचकस से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी है। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

विष्णु लोक कॉलोनी के मकान नंबर 16 में यह खौफनाक वारदात दोपहर करीब तीन बजे अंजाम दी गई। उस समय घर के भीतर 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और लगभग 45 वर्षीय नौकरानी शीला मौजूद थीं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड कांग्रेस का चुनाव आयोग पर बड़ा हमला: SIR प्रक्रिया में धांधली का आरोप, प्रक्रिया रद्द करने की मांग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी ने घर में दाखिल होने के बाद रजनी कपूर के गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने पेचकस से उन पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। मृतक रमेश कपूर ऑर्डिनेंस फैक्टरी से सेवानिवृत्त अधिकारी थे। रजनी कपूर की चीख-पुकार सुनकर जब नौकरानी शीला बचाव के लिए दौड़ी, तो आरोपी ने उस पर भी पेचकस से जानलेवा हमला कर दिया।

इसके बाद आरोपी ने बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग रमेश कपूर को भी नहीं बख्शा और उन पर कई वार किए। इस भीषण हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद जब आरोपी भागने की फिराक में था, तभी सतर्क पड़ोसियों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे दबोच लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज: 6 से 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी, बर्फबारी के भी आसार

घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। गंभीर रूप से घायल तीनों पीड़ितों को पड़ोसी अपने वाहनों से अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड : मतदाता सूची के SIR पर सीएम धामी का कांग्रेस पर तीखा हमला, पूछा- क्या घुसपैठियों को मिलना चाहिए वोट?

इस घटना के पीछे मुख्य रूप से लूटपाट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस इस एंगल के साथ-साथ अन्य संभावित वजहों की भी बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही है। हत्या की इस खौफनाक वारदात की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अन्य आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना कर स्थानीय लोगों से जानकारी ली।