देहरादून। उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर आए हरियाणा के युवाओं के प्रतिनिधिमंडल ने आज देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान युवाओं ने अपने भ्रमण के अनुभव मुख्यमंत्री के साथ खुलकर साझा किए। युवाओं ने राज्य सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि पहाड़ी इलाका होने के बावजूद उत्तराखंड में सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हुआ है। इसके साथ ही रेलवे नेटवर्क पर भी बेहतरीन काम हो रहा है।
पर्यावरण और ग्रामीण आर्थिकी पर बात करते हुए युवाओं ने कहा कि यहां की साफ आबोहवा और होम-स्टे योजना से स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। सीमांत क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं का विकास भी काफी प्रभावी रहा है। तीर्थाटन और पर्यटन के मोर्चे पर उन्होंने कहा कि बेहतर सुविधाओं के कारण देवभूमि में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके अलावा सोलर रूफटॉप योजना को भी उन्होंने भौगोलिक परिस्थितियों के अनुकूल एक बेहतरीन पहल बताया।

युवाओं का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘अतिथि देवो भव:’ हमारी संस्कृति का अहम हिस्सा है। इस तरह के अंतर-राज्यीय दौरों से युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति और विकास कार्यों को नजदीक से जानने का अवसर मिलता है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को उत्तराखंड का ‘डिजिटल ब्रांड एंबेसडर’ बताते हुए कहा कि वे अपने दौर के अनुभवों को सोशल मीडिया के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि युवा मिलेट्स, हस्तशिल्प और होम-स्टे जैसी पहलों को देश भर में प्रमोट करने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्यों के बीच इस तरह का संवाद विचारों के आदान-प्रदान को मजबूत करता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे उत्तराखंड से जुड़ी अपनी सकारात्मक यादों को हरियाणा के लोगों के साथ भी साझा करें।

