हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद अंतर्गत पथरी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक जघन्य वारदात सामने आई है। रविवार रात करीब नौ बजे अपने एक परिचित के साथ जा रही कक्षा छह की नाबालिग छात्रा को बदमाशों ने जबरन रोककर बंधक बना लिया और उसके साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया।
इस खौफनाक घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर आठ अज्ञात युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट जैसी बेहद संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित नाबालिग छात्रा लक्सर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है।
रविवार की रात वह अपने एक परिचित के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर पथरी क्षेत्र के एक गांव से काठा पीर दरगाह की तरफ जा रही थी। चश्मदीदों के अनुसार, गांव से कुछ ही दूरी पर खेतों के पास सुनसान रास्ते में अचानक घात लगाए बैठे युवकों ने उनकी बाइक को जबरन रुकवा लिया।
परिचित को लहूलुहान कर भगाया, खेत में की दरिंदगी
आरोप है कि घेराबंदी करने वाले दबंगों ने सबसे पहले छात्रा के साथ जा रहे युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उसे लहूलुहान करने के बाद जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया गया। इसके बाद बेबस नाबालिग बच्ची को आरोपी जबरन खींचकर पास के गन्ने के खेत में ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
आरोपियों के चंगुल से किसी तरह खुद को छुड़ाकर लहूलुहान हालत में पीड़िता रात के अंधेरे में भागी। वह पास के एक ग्रामीण के घर में जाकर छिप गई, जहां एक स्थानीय महिला ने दरिंदगी की शिकार बच्ची को सुरक्षा दी और उसे ढांढस बंधाया।
दूसरी तरफ, घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के परिजन और लक्सर पुलिस रातभर जंगलों व खेतों में सर्च ऑपरेशन चलाते रहे। सोमवार सुबह होने पर पीड़िता सुरक्षित स्थान से रोती हुई अपने परिजनों के पास पहुंची और पूरी आपबीती बताई। इसके बाद परिजन तुरंत पीड़िता को लेकर पथरी थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही सोमवार को कोर्ट में उसके बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसमें पॉक्सोएक्ट की धाराएं भी जोड़ी हैं।
एसओ पथरी रविंद्र कुमार ने बताया कि आठ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईपीसी और पॉक्सो की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।

