हरिद्वार। कुंभ 2027 के दिव्य और भव्य आयोजन को लेकर उत्तराखंड सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने हरिद्वार के सीसीआर सभागार में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने मेला क्षेत्र की सभी व्यवस्थाएं समयसीमा के भीतर पूरी करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के कड़े निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान कुंभ मेले में भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और पेयजल आपूर्ति पर विशेष जोर दिया गया। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों को हिदायत दी कि स्नान पर्वों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पहले से ही मजबूत ट्रैफिक और क्राउड मैनेजमेंट प्लान तैयार किया जाए।
सुरक्षा के मोर्चे पर मंत्री सतपाल महाराज ने किसी भी अप्रिय स्थिति या भगदड़ की घटना को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मेला क्षेत्र में वैकल्पिक निकासी मार्ग पहले से तैयार रखे जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
बैठक में बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर देते हुए उन्होंने सड़कों, स्नान घाटों और पुलों के निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने को कहा। इसके साथ ही निर्बाध बिजली आपूर्ति, अस्पतालों की व्यवस्था और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि कुंभ के तहत बनने वाले इंफ्रास्ट्रक्चर का लाभ हरिद्वार शहर को पूरे साल मिलना चाहिए।
समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य सरकार कुंभ 2027 को स्वच्छ, सुरक्षित और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को हरिद्वार में एक अविस्मरणीय अनुभव मिलेगा।

