हल्द्वानी। हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदेश ने अपनी और अपने परिवार की जान पर गंभीर खतरा बताते हुए एक सनसनीखेज बयान दिया है। प्रेस वार्ता के दौरान भावुक होकर उन्होंने आरोप लगाया कि हैकरों का एक गिरोह 24 घंटे उनके और उनके परिवार के फोन हैक करके निगरानी रख रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करके उन्हें नुकसान पहुंचाने और उनकी हत्या कराने की साजिश रची जा रही है।
मामले में सुनवाई और कार्रवाई न होने से आहत विधायक ने चेतावनी दी है कि यदि ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान आत्मदाह करेंगे। सुमित हृदेश ने बताया कि वे इस संबंध में अप्रैल 2025 में ही तत्कालीन एसएसपी पीएस मीणा से लिखित शिकायत कर चुके हैं। हालांकि, लंबे समय के बाद भी अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
कांग्रेस विधायक ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि इन हैकरों की पहुंच से राज्य का कोई भी राजनीतिक नेता सुरक्षित नहीं बचा है। यह गिरोह परिवार, दोस्तों और राजनीतिक साथियों के साथ होने वाली हर बातचीत पर नजर रख रहा है। उन्होंने यह भी साझा किया कि एक बड़े नेता ने उन्हें धमकाते हुए कहा था कि वे रात में किन-किन नेताओं से बातचीत करते हैं, उसकी पूरी जानकारी उनके पास रहती है। हालांकि, उन्होंने उस नेता का नाम बताने से इनकार कर दिया।
विधायक सुमित हृदेश ने साफ किया कि इस पूरे घटनाक्रम में प्रदेश सरकार की कोई संलिप्तता नहीं है। लेकिन उन्होंने गंभीर अंदेशा जताया कि ये हैकर इतने ज्यादा शक्तिशाली और बेखौफ हैं कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद वे उनकी हत्या तक करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अपनी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

