परिचित को दी थी लग्जरी BMW कार, मालिक को ऐसे लगाया ऑनलाइन ₹70,000 का चूना

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से विश्वासघात और दुस्साहस का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक परिचित व्यक्ति धोखे से एक कंस्ट्रक्शन कंपनी की महंगी BMW कार लेकर रफूचक्कर हो गया। रायपुर स्थित अभय विजन कंस्ट्रक्शन कंपनी के निदेशक पंकज सिरोही ने एसएसपी कार्यालय में तहरीर देकर आरोपी संदीप कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

मामला जनवरी 2024 का है, जब पंकज अपनी कंपनी के नाम पर पंजीकृत लग्जरी कार को सर्विस के लिए मोब्बेवाला ले जा रहे थे, तभी क्लेमेनटाउन इलाके में उन्हें अलवर का मूल निवासी संदीप कुमार मिला, जो इन दिनों हरियाणा के रेवाड़ी में रह रहा है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में अभी और चढ़ेगा पारा, मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों के लिए जारी किया अलर्ट

संदीप ने कुछ निजी काम का बहाना बनाकर कार मांगी और पुराना परिचित होने के कारण पंकज ने उस पर भरोसा करके कार सौंप दी, लेकिन बाद में आरोपी ने कार खरीदने का झूठा झांसा देकर उस पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया और न तो कार खरीदी और न ही वापस लौटाई।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू, 'ECI Net App' से ऑनलाइन ऐसे भरें फॉर्म

हाल ही में जब पंकज ने वाहन की ऑनलाइन डिटेल चेक की, तो उनके होश उड़ गए; आरोपी बिना बीमे की इस कार को सड़कों पर दौड़ा रहा है और खतरनाक ड्राइविंग व ओवर-स्पीडिंग के कारण कार पर लगभग ₹70,000 के 19 ऑनलाइन चालान पेंडिंग हो चुके हैं।

पीड़ित को अब यह डर सता रहा है कि बिना बीमे वाली कार से यदि कोई बड़ी दुर्घटना या गैर-कानूनी काम होता है, तो उसकी पूरी कानूनी और आर्थिक जिम्मेदारी सीधे उन पर आ जाएगी। क्लेमेनटाउन थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए बार-बार बुलाए जाने पर भी जब आरोपी थाने नहीं पहुंचा, तो मंगलवार को उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।