फ्लाइंग कार इनोवेटर रवि टम्टा को मिलेगी हर संभव मदद, CM धामी ने दिए निर्देश

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में फ्लाइंग कार विकसित करने वाले युवा नवोन्मेषक और स्टार्टअप उद्यमी रवि टम्टा ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान रवि टम्टा ने फ्लाइंग कार के निर्माण से जुड़े तकनीकी नवाचारों, अब तक की प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना का विस्तृत ब्योरा सीएम के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने इस अभिनव प्रयास की सराहना करते हुए राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मौके पर ही सचिव उद्योग को निर्देश दिए कि रवि टम्टा के स्टार्टअप को नियमानुसार आवश्यक शासकीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य की वर्तमान स्टार्टअप एवं औद्योगिक नीतियों के तहत मिलने वाली सुविधाओं का परीक्षण कर आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं को शीघ्रता से पूरा किया जाए।

यह भी पढ़ें -  भानियावाला-ऋषिकेश फोरलेन पेड़ कटान पर 3 सितंबर को बड़ी बैठक, NHAI और पर्यावरण प्रेमी आमने-सामने

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और तकनीकी क्षमता की कोई कमी नहीं है। राज्य के युवाओं के सपनों को पंख देना और उनके नए विचारों को धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक अवसर प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार युवाओं के नवाचारों को केवल प्रोत्साहित ही नहीं करेगी, बल्कि उन्हें व्यावहारिक रूप देने के लिए हर संभव मदद भी करेगी।

No photo description available.

मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि आज का दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और एयरोस्पेस जैसी आधुनिक तकनीकों का है। उत्तराखंड के युवा इन क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं, जिससे न केवल रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा मिलेगी।

यह भी पढ़ें -  शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाना ही सरकार का संकल्प: CM धामी

पर्वतीय राज्य की भौगोलिक स्थिति का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को मजबूत करने में तकनीक आधारित परिवहन व्यवस्था भविष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स के लिए तकनीकी, सुरक्षा और नियामकीय मानकों का कड़ाई से पालन किया जाना अनिवार्य होगा।

स्टार्टअप उद्यमी रवि टम्टा ने मुख्यमंत्री को अपने प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए बताया कि वे इस क्षेत्र में लगातार शोध और विकास (R&D) कर रहे हैं। भविष्य में इस प्रोटोटाइप को और उन्नत तथा व्यावहारिक बनाने के लिए लगातार काम जारी है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में ₹232 करोड़ की वाटरशेड परियोजनाओं में लाएं तेजी, केंद्रीय कृषि मंत्री ने CM धामी को लिखा पत्र

मुख्यमंत्री ने रवि टम्टा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नया उत्तराखंड केवल विकास परियोजनाओं से नहीं, बल्कि युवाओं के नए विचारों और उद्यमिता से बनेगा। सरकार की कोशिश है कि संसाधनों के अभाव में किसी भी प्रतिभावान युवा का सपना अधूरा न रहे। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार उत्तराखंड को स्टार्टअप और इनोवेशन के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि युवाओं के नवाचारों के माध्यम से आत्मनिर्भरता और राज्य की आर्थिक प्रगति को गति दी जा सके।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad