22 हजार किलो लहन नष्ट, 440 लीटर कच्ची शराब बरामद; दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
देहरादून। ऊधम सिंह नगर में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त और जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देशों तथा जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में रविवार को रुद्रपुर क्षेत्र के बिंदुखेड़ा और रायपुर में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ताबड़तोड़ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 10 जलती हुई अवैध शराब की भट्टियों को मौके पर ही समूल नष्ट किया गया। इसके साथ ही करीब 22 हजार किलोग्राम लहन नष्ट किया गया और कुल 440 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
प्राप्त शिकायत के आधार पर क्षेत्र-1 रुद्रपुर की आबकारी टीम ने कार्रवाई की। आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र-3 काशीपुर, क्षेत्र-4 बाजपुर और जनपदीय प्रवर्तन दल ऊधम सिंह नगर की संयुक्त टीम ने बिंदुखेड़ा और रायपुर क्षेत्र में दबिश दी। टीम को मौके पर अवैध शराब तैयार करने के लिए संचालित भट्टियां मिलीं, जिन्हें तत्काल नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान शराब बनाने के लिए तैयार किया गया भारी मात्रा में लहन भी बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
इसके बाद टीम ने रायपुर और अमरपुर में दो अलग-अलग घरों पर भी दबिश दी। ग्राम रायपुर निवासी आशा कौर पत्नी सतनाम सिंह के पास से एक कट्टे में रखे 50 पाउच बरामद हुए। प्रत्येक पाउच में करीब 500 एमएल शराब थी, जिसके चलते कुल 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
इसी क्रम में ग्राम खानपुर अमरपुर, रुद्रपुर निवासी दारा सिंह पुत्र सुंदर सिंह के पास से एक रबर ट्यूब में रखी करीब 45 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। दोनों मामलों को मिलाकर घरों से कुल 70 लीटर शराब बरामद की गई, जबकि भट्टियों और मौके से बरामद 370 लीटर शराब को मिलाकर कुल बरामदगी 440 लीटर रही।
आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा। खास तौर पर कच्ची शराब बनाने वाली भट्टियों और बड़े पैमाने पर लहन के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
लगातार दूसरे दिन ऊधम सिंह नगर में सामने आई इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। आबकारी विभाग का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान किसी भी स्तर पर ढिलाई के बिना आगे भी जारी रहेगा।

