चारधाम यात्रा और वीकेंड की भीड़ पर दून पुलिस सख्त, ड्रोन से होगी ट्रैफिक की निगरानी

ख़बर शेयर करें

देहरादून में चारधाम यात्रा और वीकेंड पर उमड़ने वाली पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कमर कस ली है। एसएसपी अजय सिंह ने निर्देश दिए हैं कि आशारोड़ी से मसूरी रूट को विभिन्न सेक्टरों में बांटकर जिम्मेदारी तय की जाए और जाम की समस्या से निपटने के लिए कार्यालयों में नियुक्त पुलिस बल को भी ट्रैफिक ड्यूटी पर लगाया जाए। इसके साथ ही, शहर की यातायात व्यवस्था की ड्रोन के जरिए सतत निगरानी की जाएगी और मसूरी जैसे व्यस्त क्षेत्रों में नए पार्किंग स्थलों की पहचान की जाएगी ताकि यात्रियों को जाम से निजात मिल सके।

यह भी पढ़ें -  विश्वकर्मा जयंती पर CM धामी का बड़ा संदेश, बोले- 'हुनरमंद युवा और श्रमवीर ही राष्ट्र की असल ताकत'

अपराधियों पर शिकंजे के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’

पर्यटन सीजन के दौरान अपराध नियंत्रण पर कड़ा फोकस रखते हुए एसएसपी ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सभी थानों को प्रभावी सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान के अंतर्गत रात के समय सड़कों पर अनावश्यक घूमने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी और उन्हें थाने लाकर पूछताछ की जाएगी। साथ ही, इनामी और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित की जाएंगी और जघन्य अपराधों के मामलों में त्वरित चार्जशीट दाखिल कर कोर्ट में मजबूत पैरवी सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है।

यह भी पढ़ें -  'कैसा हो मेरे सपनों का उत्तराखंड?' 18 सितंबर को 140 छात्रों से संवाद करेंगे CM धामी, IAS अफसर भी सुनेंगे विजन

बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित

एसएसपी ने पुलिसकर्मियों के लिए एक ‘सैनिक सम्मेलन’ का भी आयोजन किया, जिसमें जवानों की समस्याओं को सुनकर अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस सम्मेलन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 34 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में यातायात निरीक्षक ललित बोरा, गोपनीय कार्यालय के एसआई हृदयेश कुमार व हेमंत जोशी सहित साइबर सेल, एलआईयू, पीटीसी और विभिन्न थानों के पुलिसकर्मी शामिल रहे।