देहरादून: नंबर प्लेट पर टेप लगाकर रैश ड्राइविंग करने वालों की अब खैर नहीं है। दून पुलिस की रडार पर हर वाहन है चाहे वो चौपहिया हो या दो पहिया। गड़बड़ी करते ही खाकी का शिकंजा कस जाएगा। देहरादून की SP ट्रैफिक जया बलूनी ने अपने जवानो को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ दून पुलिस सख्ती से निपटेगी। तेज रफ्तार और रैश ड्राइविंग करने वाले उन शोहदों की अब खैर नहीं है जो चालान से बचने के लिए अपनी बाइक, एक्टिवा या कार की नंबर प्लेट पर काला टेप लगाकर नंबर छिपा देते हैं।
अब ये चालाकी उन पर ही भारी पड़ने वाली है।दरअसल, कुछ वाहन चालक सड़कों पर नियमों की धज्जियां उड़ाने के बाद पुलिस के CCTV और चालानी कैमरों से बचने के लिए नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर रहे हैं। शहर में ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से तेज रफ्तार वाहन आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन रहे हैं।इस मामले में SP ट्रैफिक जया बलूनी ने सख्त रुख अपनाया है।
दून पुलिस को रात-दिन लगातार चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।जबकि नंबर प्लेट पर टेप लगाकर या किसी भी तरीके से नंबर छिपाकर वाहन चलाने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ चालान और वाहन सीज करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि दून पुलिस पहले भी ऐसे कई वाहनों पर कार्रवाई कर चुकी है।
पुलिस की आंख में धूल झोंकने का काम अब नहीं चलेगा। पुलिस की अपील है कि वाहन चालक नियमों का पालन करें, रफ्तार पर लगाम लगाएं और नंबर प्लेट को स्पष्ट रखें। ताकि पुलिसिया कार्रवाई से महफूज रहें। हालांकि देखना ये है कि बिगडैल रफ्तार और स्टंट के शौकीन पुलिस की हिदायत पर कितना अमल करते हैं।

