देहरादून। राजधानी देहरादून में जिला प्रशासन की ओर से बुधवार रात को शहर के विभिन्न इलाकों में शराब की दुकानों पर औचक छापेमारी की गई, जिसमें ओवररेटिंग और अन्य गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के कड़े निर्देशों पर गठित अलग-अलग मजिस्ट्रेट टीमों ने आईएसबीटी, राजपुर, माजरा, पटेलनगर और प्रेमनगर क्षेत्र की दुकानों की जांच की, जिससे शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
जिला प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शराब की दुकानों पर तय कीमत से अधिक दाम वसूले जा रहे हैं और नियमों की अनदेखी हो रही है। इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने बुधवार रात खुद मैदान में उतरकर औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी।
जांच के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में कई प्रमुख खामियां सामने आईं, जिसके तहत सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी और एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह की संयुक्त टीम द्वारा आईएसबीटी व माजरा क्षेत्र की जांच में आईएसबीटी दुकान पर ओवररेटिंग की पुष्टि हुई, 42 बोतलों के बैच नंबर उपलब्ध अभिलेखों से मेल नहीं खाए तथा वहां अनाधिकृत सेल्समैन और बिना रेट लिस्ट के संचालन पाया गया।
इसके अलावा, जाखन व राजपुर रोड क्षेत्र में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद और हर्षिता सिंह की टीम ने स्टॉक रजिस्टर, रेट लिस्ट और शिकायत नंबर की जांच की जहां ओवररेटिंग समेत कई अनियमितताएं पकड़ी गईं, वहीं प्रेमनगर क्षेत्र में एसडीएम मुख्यालय रविंद्र जुवांठा की टीम द्वारा की गई दुकानों की जांच में व्यवस्थाओं में भारी खामियां देखने को मिलीं।
इन तमाम मामलों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट किया है कि सामने आई सभी अनियमितताओं की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसकी संपूर्ण रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर दोषी दुकान संचालकों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

