Dehradun: 5.47 लाख मतदाताओं को BLO देंगे नोटिस, ऐप पर अपलोड होगी फोटो

ख़बर शेयर करें

देहरादून। देहरादून जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक अपडेट सामने आया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर जिले के 5.47 लाख मतदाताओं को बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर व्यक्तिगत रूप से नोटिस सौंपेंगे।

यह नोटिस उन मतदाताओं को जारी किए जा रहे हैं, जिनका विवरण वर्ष 2003 और वर्ष 2026 की मतदाता सूची से मेल नहीं खा रहा है या जिनकी जानकारी जांच में अधूरी मिली है। इस कदम से जिले के उन लाखों नागरिकों को अपना रिकॉर्ड दुरुस्त करने का मौका मिलेगा।

यह भी पढ़ें -  पिथौरागढ़: मुनस्यारी ब्रिज हादसे का 6 साल पुराना वीडियो वायरल फैलाई अफवाह, DM ने दिए FIR दर्ज करने के आदेश

ग्राउंड जीरो पर स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान मंगलवार को खुद अजबपुरकलां क्षेत्र पहुंचे। डीएम ने स्थानीय निवासी अरविंद नेगी के घर जाकर देखा कि बीएलओ किस तरह नाम में अंतर की जानकारी दे रहे हैं और सत्यापन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज मांग रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि इस पूरे अभियान को सुगम, सरल और बिना किसी गलती के समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान मतदाताओं को अपनी अपूर्ण या गलत जानकारी को ठीक कराने का सीधा अवसर देता है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन पहुंचे केदारनाथ, धाम में टेका माथा

काम में पूरी पारदर्शिता रखने के लिए डीएम ने आदेश दिया है कि बीएलओ घर-घर जाकर नोटिस देंगे और उसकी फोटो तुरंत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक ऐप पर अपलोड करेंगे। इस डिजिटल व्यवस्था से पूरी प्रक्रिया पर उच्च अधिकारी सीधी निगरानी रख सकेंगे।

बीएलओ को काम के दौरान किसी भी भ्रम से बचाने के लिए जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेकलिस्ट और गाइडलाइन तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि फील्ड में मतदाताओं या अधिकारियों को किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।

आंकड़ों के मुताबिक, 14 जुलाई को जारी प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार देहरादून जिले में अब तक 11,90,805 मतदाताओं की जानकारी का मिलान पूरा हो चुका है। केवल उन्हीं वोटरों को नोटिस दिए जा रहे हैं जिनके आंकड़ों में विसंगति पाई गई है।

यह भी पढ़ें -  देश के 254 शहरों में से केवल 131 के पास सुरक्षित श्रेणी की आबोहवा, मंडराया बड़ा जनस्वास्थ्य खतरा

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी निर्वाचन अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर पूरी सावधानी के साथ यह अभियान संपन्न करने की हिदायत दी है। अजबपुरकलां में निरीक्षण के दौरान सेक्टर अधिकारी डॉ. महेश कुमार, एईआरओ अपर्णा बहुगुणा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित निर्वाचन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।