देहरादून। उत्तराखंड में चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देहरादून के औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई में एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 1.521 किलोग्राम प्रतिबंधित कैटामाइन ड्रग्स के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद कैटामाइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है।
एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर स्कूटी के जरिए नशीले पदार्थों की बड़ी खेप सप्लाई करने जा रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को रोका। जब उनकी स्कूटी की डिक्की की तलाशी ली गई, तो उसमें से भारी मात्रा में कैटामाइन बरामद हुआ। मौके पर पहुंचे औषधि निरीक्षक ने रासायनिक परीक्षण के बाद बरामद पदार्थ के कैटामाइन होने की पुष्टि की।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान शुभम कुमार और अंकित तिवारी (मूल निवासी हरदोई, उत्तर प्रदेश; हाल निवासी सेलाकुई) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेलाकुई में एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
एसटीएफ की टीम अब पकड़े गए तस्करों से पूछताछ कर इस पूरे ड्रग्स नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में कैटामाइन कहां से खरीदा गया था और इसे सेलाकुई में किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। एसटीएफ अधिकारियों ने साफ किया है कि प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए तस्करों और नशा माफियाओं के खिलाफ यह कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

