देहरादून: सहस्रधारा रोड पर महिला के अपहरण का प्रयास, शोर मचाने पर बदमाश फरार

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पॉश इलाके सहस्रधारा रोड पर बुधवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। नालापानी चौक के पास अपनी बच्ची को स्कूल बस में छोड़कर घर लौट रही एक महिला को बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े कार में खींचकर अपहरण करने का प्रयास किया। महिला की सूझबूझ और स्थानीय लोगों के विरोध के कारण आरोपी अपने मंसूबों में नाकाम रहे और मौके से फरार हो गए।

घटना सुबह करीब 6:50 बजे की है। कानन कुंज निवासी सुषमा वर्मा अपनी बेटी को नालापानी चौक पर स्कूल बस में बैठाकर स्कूटी से वापस घर लौट रही थीं। घर से कुछ ही दूरी पहले पीछे से आई एक काले रंग की स्विफ्ट कार ने उनकी स्कूटी को जबरन रोका। कार से निकले युवकों ने सुषमा को पकड़कर गाड़ी के अंदर खींचने की कोशिश की।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड रोडवेज: बसों में मुफ्त सफर का ऐलान जीओ में फंसा, रोज हो रहा विवाद

पीड़िता के अनुसार कार में तीन से चार युवक सवार थे। अचानक हुए इस हमले से घबराने के बजाय महिला ने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया। सुबह के समय आसपास मौजूद राहगीर और स्थानीय लोग महिला की आवाज सुनकर तुरंत मौके की तरफ दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख कार सवार बदमाश पकड़े जाने के डर से गाड़ी की रफ्तार तेज कर सहस्रधारा रोड की तरफ भाग निकले।

यह भी पढ़ें -  देहरादून पुलिस का बड़ा खुलासा: NEET UG में फर्जी दस्तावेज से MBBS दाखिला दिलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार

दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात कार सवारों के खिलाफ अपहरण के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से पूरे इलाके के निवासियों में डर और आक्रोश का माहौल है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया है। सीओ डोईवाला वंदना वर्मा ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में नशा तस्करों पर क्रैकडाउन: तस्करों की सटीक सूचना देने पर इनाम, पहचान रहेगी पूरी तरह गुप्त

पुलिस की एक टीम नालापानी चौक, सहस्रधारा रोड और आसपास के सभी कनेक्टिंग रूटों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। काले रंग की स्विफ्ट कार के नंबर और बदमाशों के भागने के रूट को ट्रेस किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।