हरिद्वार: शादी का वादा कर युवती से 3 साल तक दुष्कर्म, गर्भवती हुई युवती तो प्रेमी और ससुर ने कराया गर्भपात

ख़बर शेयर करें

हरिद्वार। उत्तराखंड की धर्मनगरी हरिद्वार में शादी का झांसा देकर युवती का तीन साल तक शारीरिक शोषण करने और गर्भवती होने पर धोखे से गर्भपात कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि प्रेमी ने अपने पिता के साथ मिलकर साजिश रची और कमजोरी की दवा बताकर उसे गर्भपात की गोलियां खिला दीं। युवती की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी प्रेमी और उसके पिता के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मामला हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि पड़ोसी गांव टकाबरी निवासी नितिन कुमार के साथ उसके पिछले तीन सालों से प्रेम-संबंध थे। नितिन ने युवती से शादी करने का वादा किया था और इसी वादे की आड़ में वह लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में राज्यसभा सीटों पर चुनाव की तारीखों का ऐलान, 16 अक्टूबर को वोटिंग और नतीजे

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी युवक उसे शादी का झांसा देकर हरिद्वार के देवपुरा स्थित ‘मां गंगा गेस्ट हाउस’ सहित कई अलग-अलग ठिकानों पर ले जाता था। वहां उसने पीड़िता की मर्जी के खिलाफ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान जब युवती की तबीयत बिगड़ी तो जांच कराने पर उसे पता चला कि वह करीब दो महीने की गर्भवती है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड ओपिनियन पोल 2026: धामी सरकार की बंपर वापसी का अनुमान, BJP को मिल सकती हैं 47 सीटें

गर्भवती होने की खबर मिलते ही आरोपी युवक के तेवर बदल गए। पीड़िता के अनुसार, बीते जून महीने में आरोपी नितिन अपने पिता सुभाष के साथ उसके घर पहुंचा। दोनों ने युवती को झांसे में लेते हुए कहा कि शरीर में खून और ताकत बढ़ाने के लिए यह आयरन की गोलियां हैं। पीड़िता ने उन पर भरोसा करके दवा का सेवन कर लिया।

दवा खाने के कुछ ही देर बाद पीड़िता की हालत बिगड़ने लगी और उसका गर्भपात हो गया। छल और धोखे का अहसास होने पर पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और पूरे मामले की जानकारी हरिद्वार शहर कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़िता के बयानों और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी नितिन और उसके पिता सुभाष के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त होंगी सभी सड़कें, CM धामी खुद करेंगे औचक निरीक्षण

मामले की जानकारी देते हुए शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि पीड़ित युवती की शिकायत के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ आपराधिक धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस की टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है और संबंधित गेस्ट हाउस के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जांच पूरी होते ही आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।