Dehradun: सरेराह बदमाशों ने की अंधाधुंध फायरिंग से दहला दून, कॉलेज विवाद बना खूनी रंजिश

ख़बर शेयर करें

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर औद्योगिक क्षेत्र और शिमला बाईपास रोड स्थित सेंट ज्यूड्स चौक पर गुरुवार दोपहर सवा तीन बजे बेखौफ बदमाशों का तांडव देखने को मिला। पुराने विवाद और कॉलेज की रंजिश को लेकर युवकों के दो गुटों में हुई कहासुनी के बाद अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई। इस गोलीबारी में साहिल नाम का एक युवक बाएं कंधे में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की शुरुआत पटेलनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एसजीआरआर कॉलेज वाली गली से हुई, जहां साहिल अपने दोस्तों सुजल, दक्ष, अंशुल, आदित्य और विशाल के साथ मौजूद था। इसी बीच हरियाणा नंबर की स्विफ्ट कार में गुरमीत नामक युवक अपने साथियों के साथ वहां आ धमका। दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ समय से चला आ रहा पुराना विवाद अचानक गरमा गया और तीखी बहस शुरू हो गई।

यह भी पढ़ें -  Dehradun: डिजिटल होगा MDDA, ऑटो-रिजेक्ट हुईं 399 नक्शा फाइलों का नए सिरे से होगा निस्तारण

विवाद बढ़ने पर जब कार सवार युवक मौके से भागने लगे, तो दूसरे पक्ष के छह-सात युवकों ने आगे बढ़कर ईंट-पत्थरों और डंडों से कार पर हमला बोल दिया। हमले में कार का शीशा टूट गया, जिसके बाद बौखलाए कार सवार बदमाशों ने पिस्टल निकालकर चार-पांच राउंड हवाई फायर किए और लालपुल की ओर कार दौड़ा दी।

सड़क पर फायरिंग होते ही दूसरे पक्ष के युवक अपनी मोटरसाइकिलों से कार का पीछा करने लगे। सेंट ज्यूड्स चौक के पास जब कार घिरने लगी, तो कार में मौजूद मुख्य आरोपी गुरमीत ने सीधे पीछा कर रहे युवकों पर गोली चला दी। गोली सीधे साहिल के बाएं कंधे में जा लगी और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।

यह भी पढ़ें -  Farmers Protest: IND-US व्यापार समझौते पर किसानों आक्रोषित, 20 अगस्त को देशभर में रोष मार्च का ऐलान

सरेराह हुई इस गोलीबारी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और सेंट ज्यूड्स चौक पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। साहिल के साथी उसे तुरंत लहूलुहान अवस्था में महंत इंदिरेश अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रमोद कुमार और सीओ अंकित कंडारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नाकाबंदी कराई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कंट्रोल रूम के जरिए पूरे शहर और अंतरराज्यीय चेक पोस्टों को अलर्ट जारी किया गया। पुलिस की सघन चेकिंग के दौरान नयागांव बैरियर के पास से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (HR 51 AZ 0890) के साथ एक आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़ा गया आरोपी दलेड़ी का निवासी है और सुभारती कॉलेज में होटल मैनेजमेंट का छात्र है।

यह भी पढ़ें -  Dehradun: महिला डॉक्टर का दहेज उत्पीड़न, रोजा-साड़ी पर ताने, 30 लाख मांगने पर FIR दर्ज

घायल साहिल के साथी अंशुल की लिखित तहरीर पर पटेलनगर थाने में मुख्य आरोपी गुरमीत, अमन, रोहित और एक अन्य साथी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad