Uttarakhand: नकाबपोश ने कांग्रेस विधायक को व्हाट्सएप पर दी जान से मारने की धमकी, FIR दर्ज

ख़बर शेयर करें

मंगलौर। उत्तराखंड की मंगलौर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक काजी मोहम्मद निजामुद्दीन को व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। एक अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति ने विधायक के मोबाइल पर आपत्तिजनक और धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाले मैसेज के साथ-साथ एक धमकी भरा वीडियो भेजा है।

विधायक द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उनके व्हाट्सएप पर ऑडियो, वीडियो और संदेश भेजे गए। इन मैसेज में उनकी धार्मिक पहचान को निशाना बनाते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड वोटर लिस्ट अपडेट: पुनरीक्षण अभियान के बाद फाइनल सूची प्रकाशित, 1.29 लाख नए मतदाता जुड़े

पुलिस को सौंपे गए वीडियो में एक व्यक्ति चेहरा छिपाकर नकाब पहने नजर आ रहा है। वीडियो में वह खुलेआम विधायक को जान से मारने की धमकी दे रहा है। विधायक काजी निजामुद्दीन का आरोप है कि इस वीडियो और संदेशों का मकसद न केवल उन्हें डराना है, बल्कि क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव और वैमनस्य फैलाकर हिंसा भड़काना भी है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में शहरों के सौंदर्यीकरण की तेज रफ्तार: हल्द्वानी से ऊधमसिंह नगर तक सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने किया परियोजनाओं का निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी के मुताबिक, विधायक की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस की तकनीकी और साइबर सेल की टीम उन दोनों मोबाइल नंबरों को ट्रेस कर रही है, जिनसे यह संदेश भेजे गए थे। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सर्विलांस की मदद से आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड एमबीबीएस काउंसलिंग: दस्तावेजों की जांच में बड़ा खुलासा, एक ही प्रमाण पत्र संख्या से जुड़े दो नाम

एक सिटिंग विधायक को इस तरह सरेआम धमकी मिलने के बाद स्थानीय राजनीतिक गलियारों में रोष का माहौल है। वहीं, पुलिस ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।