देहरादून। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के देवऋषि एन्क्लेव में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 48 वर्षीय फाइनेंसर दीपक गुप्ता की उनके ही परिचित एक युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर नृशंस हत्या कर दी। वारदात के बाद मृतक की भाभी ने अदम्य साहस दिखाते हुए हत्यारोपी को उसी कमरे में बाहर से बंद कर दिया और दौड़कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से लखनऊ का रहने वाला यह परिवार वर्ष 2004 से देहरादून में बस गया था। मृतक दीपक गुप्ता ट्रेडिंग और फाइनेंस का काम करते थे। आठ साल पहले उनकी शादी हुई थी, लेकिन छह महीने में ही तलाक हो गया था। तब से वे मकान के ग्राउंड फ्लोर पर अकेले रहते थे, जबकि पहली मंजिल पर उनके छोटे भाई राकेश गुप्ता का परिवार रहता है।
घटना बुधवार शाम करीब 5 बजे की है। माजरा स्थित प्रधानवाली गली निवासी 21 वर्षीय रोहन प्रजापति दीपक के कमरे पर पहुंचा। दोनों के बीच पहले से जान-पहचान थी। कमरे के भीतर किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ, जिसके बाद रोहन ने चाकू निकालकर दीपक के पेट और पीठ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अत्यधिक खून बहने से दीपक की मौके पर ही मौत हो गई।
चीख-पुकार सुनकर पहली मंजिल से नीचे पहुंची छोटे भाई की पत्नी मीनाक्षी गुप्ता ने अंदर का खौफनाक मंजर देखा। दीपक खून से लथपथ पड़े थे और आरोपी हाथ में चाकू लिए खड़ा था। मीनाक्षी ने बिना घबराए तुरंत बाहर से कमरे की कुंडी लगा दी, जिससे आरोपी अंदर ही फंस गया।
कमरा लॉक करने के बाद मीनाक्षी तुरंत 150 मीटर दूर पटेलनगर कोतवाली की तरफ दौड़ीं। उन्होंने हांफते हुए पुलिसकर्मियों से कहा, “मेरे देवर की हत्या कर दी गई है, मैंने हत्यारे को कमरे में ही बंद कर दिया है, आप जल्दी चलिए!”
महिला की बात सुनते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो आरोपी रोहन खून से सने कपड़ों और चाकू के साथ अंदर ही खड़ा था, जिसे पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया। सीओ सदर अंकित कंडारी के अनुसार, दीपक का शव कमरे में नग्न अवस्था में पड़ा मिला था। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पटेलनगर थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि आरोपी रोहन एक निजी संस्थान में बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसने शुरुआती पूछताछ में शेयर ट्रेडिंग सीखने की बात कहकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की गहन जांच कर रही है।

