देहरादून में बीमारियों का डबल अटैक: H1N1 के 7 और डेंगू के 2 नए मरीज मिले, लार्वा नष्ट करने का अभियान तेज

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मौसम के बदलाव के साथ संक्रामक बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट में इन्फ्लुएंजा H1N1 के सात नए मामले और डेंगू के दो नए मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। जिले में अब H1N1 के कुल मामले बढ़कर 648 और डेंगू के कुल संक्रमितों की संख्या 222 तक पहुंच गई है।

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को जांचे गए 58 सैंपल में सात लोगों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अब तक H1N1 के कुल 2169 सैंपल लिए जा चुके हैं। कुल 648 संक्रमितों में से 606 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 40 सक्रिय मरीजों का इलाज जारी है और दो मरीजों की मृत्यु हुई है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में अपहरण के प्रयास की गुत्थी सुलझने में पुलिस हुई पास

संक्रमण के आंकड़ों में 346 पुरुष और 302 महिलाएं शामिल हैं। आयु वर्ग के हिसाब से 41 से 50 वर्ष और 71 से 80 वर्ष की उम्र के व्यक्तियों में भी H1N1 के मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं, राहत की बात यह रही कि कोविड का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। दूसरी ओर, जिले में डेंगू का प्रकोप भी थम नहीं रहा है। रविवार को 167 सैंपल की जांच में दो नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई, जिससे कुल मरीजों का आंकड़ा 222 हो गया है। इनमें 109 मरीज देहरादून और 113 अन्य जिलों के हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: मुंबई में सिनेमैटोग्राफी कोर्स करने गई छात्रा से एकेडमी संचालक ने किया दुष्कर्म, FIR दर्ज

डेंगू रोकथाम अभियान और सर्वे की स्थिति के तहत वर्तमान में डेंगू के 19 मरीज अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं, जबकि रविवार को आशा कार्यकर्ताओं और वालंटियर्स ने 6593 घरों का सर्वे किया और कुल 47,274 कंटेनरों की जांच में 80 घरों व 98 कंटेनरों में मच्छर का लार्वा पाया गया जिसे मौके पर नष्ट कर दिया गया, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि बुखार, खांसी और बदन दर्द जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं और अपने घरों के आसपास जलभराव न होने दें।