देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कैनाल रोड पर देर रात एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े दो वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार 26 वर्षीय महिला नैना राजपूत की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार चालक सहित दो युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
यह भीषण हादसा देर रात करीब 12:45 बजे कैनाल रोड पर उस समय घटित हुआ जब काठबंगला की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी स्कूटी तथा बाइक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में पड़ी दोनों महिलाओं को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 26 वर्षीय नैना राजपूत को मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे की शिकार हुई दूसरी महिला निधि कश्यप का दून अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस हिरासत में आए कार चालक सुमित यादव ने शुरुआती पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह अपने साथी हाशिम के साथ काठबंगला से कैनाल रोड की दिशा में आ रहा था, तभी अचानक कार के ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक काम न करने की वजह से उसका वाहन से नियंत्रण छूट गया और कार सड़क किनारे खड़े वाहनों से जा टकराई।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को अपने कब्जे में लेकर आरोपी चालक सुमित यादव और उसके साथी हाशिम को गिरफ्तार कर लिया है। राजपुर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, साथ ही वाहन के ब्रेक फेल होने के दावे की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है।

