देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में छत्तीसगढ़ से आए पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विशेष मुलाकात की। इस बैठक में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के विकास मॉडल, बुनियादी ढांचे में सुधार और सांस्कृतिक संरक्षण को लेकर राज्य सरकार के विजन को साझा किया, जिसका सीधा असर राज्य के पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है।
उत्तराखंड का नया विकास मॉडल और पर्यटन नीतियां
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड अब केवल प्राकृतिक और आध्यात्मिक आस्था का केंद्र नहीं है, बल्कि यह तेजी से आर्थिक और बुनियादी ढांचे का विकास करने वाला राज्य बन रहा है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार अब पारंपरिक पर्यटन से आगे बढ़कर इको-टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, वेलनेस और होमस्टे आधारित पर्यटन को बढ़ावा दे रही है।
4 वर्षों में पहुंचे 25 करोड़ से अधिक श्रद्धालु
कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाओं में हुए सुधार का आंकड़ा साझा करते हुए सीएम धामी ने बताया कि पिछले चार वर्षों में 25 करोड़ से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक उत्तराखंड पहुंचे हैं। बेहतर सड़क, रेल और हवाई संपर्क के विस्तार से आने वाले समय में राज्य में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की पूरी उम्मीद है।
केदारनाथ-बदरीनाथ मास्टर प्लान पर काम जारी
धार्मिक पर्यटन को सुगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने बताया कि केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत व्यापक पुनर्विकास कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों से सीमांत क्षेत्रों के विकास, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सीधा बल मिल रहा है।
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ बताते हुए विश्वास जताया कि वे उत्तराखंड की इस विकास यात्रा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने सकारात्मक रूप से रखेंगे।

