सीएम धामी ने चम्पावत को दी ₹165.68 करोड़ की 54 योजनाओं की सौगात, बोले- ‘आदर्श चम्पावत’ से बनेगा आदर्श उत्तराखंड

ख़बर शेयर करें

चम्पावत। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार जनपद चम्पावत के दौरे पर ₹165.68 करोड़ की लागत वाली 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹16,567.56 लाख की 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से चम्पावत में सड़क, जल निकासी, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का सीधा लाभ स्थानीय नागरिकों को मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों का भूमि पूजन किया और विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि ‘आदर्श चम्पावत’ के संकल्प को साकार करते हुए गांवों और सीमांत इलाकों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि आदर्श चम्पावत का यह मॉडल भविष्य में पूरे आदर्श उत्तराखंड के निर्माण की नींव बनेगा।

यह भी पढ़ें -  भ्रष्टाचार की बात उन लोगों के मुंह से शोभा देती है, जो खुद भ्रष्ट न हों- भरत चौधरी

बरसात के मौसम में टनकपुर और बनबसा के निवासियों को होने वाली जलभराव की समस्या से अब स्थायी राहत मिलने जा रही है। इसके लिए ₹86.83 करोड़ की जल निकासी योजना को स्वीकृति दी गई है, जिसके तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक और बनबसा में लगभग 7.7 किलोमीटर लंबी नालियों का निर्माण व सुधार किया जाएगा।

भारत-नेपाल सीमा पर व्यापार और पर्यटन को नई ऊंचाई देने के लिए सरकार कई बड़ी परियोजनाओं पर काम कर रही है। टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डा बनाया जा रहा है। इसके साथ ही ₹3,000 करोड़ से अधिक की कुल लागत वाले शारदा कॉरिडोर के पहले चरण में ₹107.35 करोड़ से शारदा घाट का पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण तेजी से चल रहा है।

धार्मिक पर्यटन और सीमावर्ती कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए माँ पूर्णागिरि धाम में लगभग ₹45 करोड़ की लागत से रोपवे निर्माण का कार्य जारी है। वहीं, ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम मुख्य मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए ₹48.38 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा बनबसा में भारत सरकार की लगभग ₹502 करोड़ की लैंड पोर्ट परियोजना से क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय व्यापार और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

यह भी पढ़ें -  नार्को टेस्ट के लिए गांधीनगर रवाना हुए पूर्व विधायक सुरेश राठौर, CBI जांच में सहयोग का दिया भरोसा

पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं और मरीजों के लिए शिक्षा, खेल व स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जा रहा है। लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण हो रहा है, जिससे पहाड़ की बेटियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मंच मिलेगा। साथ ही जनपद में लगभग ₹55.53 करोड़ से विज्ञान केंद्र (साइंस सेंटर) और ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक भी तैयार किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं के दम पर आत्मनिर्भर बनने वाले पांच उत्कृष्ट लाभार्थियों को सम्मानित भी किया। सम्मानित होने वालों में ग्राम बस्टिया (टनकपुर) के त्रिलोक सिंह सामंत (प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना), ग्राम गुदमी (बनबसा) की लक्ष्मी देवी (महिला बकरी पालन योजना) और ग्राम उचोलीगोठ की पूजा महर (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) शामिल रहीं। इसके अलावा ग्राम बिचई के रोहित चंद को कृषि कवच (चैनलिंक फेंसिंग) और ग्राम गुदमी के आनंद प्रसाद को स्वरोजगार में बेहतरीन कार्य के लिए सम्मान मिला।

यह भी पढ़ें -  कच्छ-भुज में तैनात द्वितीय गढ़वाल राइफल के 3 जवानों की सड़क हादसे में मौत, सीएम धामी ने जताया गहरा शोक

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष निर्मल मेहरा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।