उत्तराखंड में भ्रष्टाचार पर सीएम धामी की स्पष्ट दो टूक: ‘बड़े से बड़ा अफसर हो या कर्मचारी, किसी को नहीं बख्शेंगे’

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को एक बार फिर स्पष्ट किया है। उन्होंने दो टूक कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी बड़े पद पर बैठा अधिकारी हो या निचले स्तर का कर्मचारी।

मुख्यमंत्री ने साफ किया कि पद, प्रतिष्ठा या प्रभाव के आधार पर किसी भी दोषी को सरकार का संरक्षण नहीं मिलेगा। राज्य में ईमानदार, पारदर्शी और जवाबदेह शासन व्यवस्था स्थापित करने के लिए सतर्कता विभाग को स्वतंत्र और निष्पक्ष कार्रवाई की पूरी छूट दी गई है।

यह भी पढ़ें -  राजनाथ सिंह दे गए भाजपा संगठन को सरकार बनाने के टिप्स,कहा कार्यकर्ता ही भाजपा की ताकत

धामी सरकार के कार्यकाल में रिश्वतखोरी, आय से अधिक संपत्ति और सरकारी कामकाज में अनियमितताओं के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई तेज हुई है। ट्रैप कार्रवाई के जरिए रिश्वत लेते हुए कई अधिकारियों और कर्मचारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है, साथ ही दोषियों पर निलंबन और विभागीय कार्रवाई भी की गई है।

सरकार ने यह सख्त संदेश केवल छोटे कर्मचारियों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि वरिष्ठ अधिकारियों पर भी शिकंजा कसा है। हरिद्वार नगर निगम के भूमि घोटाले में कई आईएएस और पीसीएस अधिकारियों समेत अन्य जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।

यह भी पढ़ें -  कांग्रेस ने कर लिया होमवर्क, चुनावी प्लान तैयार है ! पर सवाल कई हैं

आय से अधिक संपत्ति के मामले में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राम विलास यादव पर हुई कार्रवाई भी इसी सख्ती का हिस्सा है। इसके अलावा होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में खरीद से जुड़ी अनियमितताओं और उत्तराखंड परिवहन निगम में भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए कार्रवाई की है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ इस अभियान में आम जनता को जोड़ने के लिए विजिलेंस विभाग का ‘1064’ एप एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इस एप के जरिए नागरिक रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार से जुड़ी अपनी शिकायत सीधे दर्ज करा सकते हैं, जिनका परीक्षण कर विजिलेंस आवश्यक कार्रवाई करती है।

यह भी पढ़ें -  सीएम धामी ने चम्पावत को दी ₹165.68 करोड़ की 54 योजनाओं की सौगात, बोले- 'आदर्श चम्पावत' से बनेगा आदर्श उत्तराखंड

जो शिकायतें विजिलेंस के अधिकार क्षेत्र में नहीं आतीं, उन्हें त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया जाता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि विजिलेंस विभाग को मजबूत करने के लिए जरूरी संसाधन जुटाए जा रहे हैं और दोषियों को सजा दिलाने के लिए अदालतों में प्रभावी पैरवी पर भी जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगता है या अपने पद का दुरुपयोग करता है, तो बिना किसी डर के उसकी सूचना सतर्कता विभाग को दें।