देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए कभी ईवीएम, तो कभी चुनाव आयोग और अब एसआईआर पर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस को देश की चुनाव प्रक्रिया से नहीं, बल्कि चुनाव में मिलने वाले जनादेश से परेशानी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीधे तौर पर राहुल गांधी की कार्यशैली और बयानों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने निराधार आरोपों और लगातार विवाद खड़ा करने वाली राजनीति से देश में भ्रम और अराजकता का माहौल पैदा करना चाहते हैं। सीएम धामी ने जोर देकर कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस अपने इस मंसूबे में कभी भी सफल नहीं होंगे।
सीएम धामी के अनुसार, कांग्रेस की इस राजनीति का मुख्य कारण चुनाव में मिल रही लगातार हार और जनता का नकारना है। जब भी चुनाव के नतीजे आते हैं और कांग्रेस हारती है, तो अपनी कमियों को स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर ठीकरा फोड़ने का काम शुरू कर दिया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि EVM और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर बार-बार सवाल उठाना केवल जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास है। देश की जनता अब जागरूक हो चुकी है और वह समझती है कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तब उसे संस्थाओं में कोई खराबी नजर नहीं आती, लेकिन हारते ही पूरी प्रक्रिया को संदेहास्पद बता दिया जाता है।
SIR के मुद्दे पर बोलते हुए सीएम धामी ने कहा कि यह पूरी तरह से प्रशासनिक और पारदर्शी प्रक्रिया है, लेकिन हताशा में डूबी कांग्रेस इसमें भी अनर्गल सवाल खड़े कर रही है। अंत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश की जनता लोकतंत्र की मजबूती और संस्थाओं के सम्मान को भली-भांति समझती है। राहुल गांधी और कांग्रेस की नकारात्मक तथा भ्रम फैलाने वाली राजनीति को देश के लोग पूरी तरह से खारिज कर चुके हैं और आगे भी करते रहेंगे।

