CM धामी ने किए बदरी विशाल के दर्शन, बदरीनाथ मास्टर प्लान के कामों का ग्राउंड पर लिया जायजा

ख़बर शेयर करें

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने धाम में चल रहे बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत विभिन्न निर्माण और विकास कार्यों का ग्राउंड पर जाकर स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को समयबद्ध काम पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।

सीएम धामी ने आस्था पथ सहित अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण करते हुए कार्य की प्रगति रिपोर्ट मांगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि सभी काम गुणवत्ता के साथ पूरे हों। निर्माण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं और धाम की आध्यात्मिक गरिमा का पूरा ध्यान रखा जाए।

यह भी पढ़ें -  'अंकिता हमारी बेटी, न्याय दिलाने को पहले दिन से प्रतिबद्ध', अंकिता हत्याकांड पर CM धामी का विपक्ष को करारा जवाब

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बदरीनाथ धाम को उसकी पौराणिक पहचान के अनुरूप भव्य और सुव्यवस्थित रूप दिया जा रहा है। मास्टर प्लान के तहत विकसित की जा रही नई सुविधाओं से भविष्य में धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम और बेहतर व्यवस्थाएं मिलेंगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने श्री स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान द्वारा आयोजित ‘बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव’ में हिस्सा लिया। इस महोत्सव में देश भर से आए 150 से अधिक संत-साध्वी और 1200 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। सीएम ने महंत स्वामी श्री देवप्रसाद दास जी और सद्गुरुवर्य धर्मवल्लभ दास जी स्वामी का आशीर्वाद लिया।

यह भी पढ़ें -  GST के छापे बंद करो....बंद करो, भई बंद करो !

समारोह को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि बदरीनाथ धाम आना अलौकिक आध्यात्मिक अनुभूति देता है। यह पवित्र धाम भारत की सनातन चेतना और सांस्कृतिक विरासत का मुख्य स्तंभ है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश भर के तीर्थस्थलों और सनातन संस्कृति के केंद्रों का कायाकल्प हो रहा है।

यह भी पढ़ें -  'प्रथम उत्तराखंड फिल्म पुरस्कार' का ऐलान: गढ़वाली-कुमाऊंनी फिल्मों के लिए 5 अक्टूबर तक करें आवेदन

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रधानमंत्री मोदी ने केदारनाथ की भूमि से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था। राज्य सरकार इस संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। चारधाम, पवित्र नदियों और हेमकुंट साहिब जैसे केंद्रों का विकास धार्मिक गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए किया जा रहा है। इस मौके पर दायित्वधारी हरक सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार, एसपी सुरजीत सिंह पंवार और सेना व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।