Uttarakhand: चारधाम यात्रा हेली सेवा से लेकर मंदिरों के कायाकल्प तक, CM धामी ने खोली वित्तीय तिजोरी

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की हेली सेवाओं को सुरक्षित बनाने, हल्द्वानी में आधुनिक परिवहन ढांचा खड़ा करने और स्थानीय मंदिरों के कायाकल्प के लिए धामी सरकार ने खजाना खोल दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राज्य के विभिन्न जिलों में इंफ्रास्ट्रक्चर, बिजली सब्सिडी और सिंचाई योजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय मंजूरी दी।

चारधाम यात्रा को और अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। यात्रा मार्गों पर खराब मौसम और विजिबिलिटी की सटीक जानकारी के लिए हेलीपैडों पर ऑटोमेटेड वेदर ऑब्जर्विंग सिस्टम और सीलोमीटर लगाए जाएंगे। इस परियोजना के लिए मुख्यमंत्री ने 4.78 करोड़ रुपये की बकाया राशि तुरंत जारी करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें -  ज्योलीकोट में मौत का पानी ? पीलिया ने छीना इंटर के छात्र और दो बेटियों की मां का जीवन

कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी को बड़ी सौगात देते हुए संभागीय परिवहन कार्यालय, चालक प्रशिक्षण संस्थान और ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के निर्माण के लिए करीब 25.71 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि मंजूर की गई है। इससे हल्द्वानी में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना और टेस्ट देना पूरी तरह हाईटेक और पारदर्शी हो जाएगा।

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए टिहरी जिले के देवप्रयाग स्थित नागचौण्ड शिवालय और कीर्तिनगर के डुण्डेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 1.05 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसकी 82.62 लाख रुपये की पहली किश्त जारी कर दी गई है। वहीं खटीमा के श्री गौरी शंकर महादेव मंदिर प्रांगण के लिए 1 करोड़ रुपये मंजूर करते हुए 60 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें -  35 वर्षों में 64% बढ़ा केदारताल झील का आकार, झील टूटी तो 45 मिनट में आ जाएगी तबाही की लहर

राजधानी देहरादून और कुमाऊं-गढ़वाल के ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए भी बजट जारी हुआ है। देहरादून के धौरणखास में सरकारी आवासों के लिए 2.27 करोड़, उरेडा के ग्रीन बिल्डिंग भवन के लिए 16.13 करोड़ और राज्य भर में सिंचाई की 27 बड़ी परियोजनाओं के लिए नाबार्ड के माध्यम से 61.76 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।

यह भी पढ़ें -  शिक्षक दिवस: CM धामी ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को दी श्रद्धांजलि, बोले- 'सशक्त समाज के निर्माण में शिक्षकों का योगदान अतुलनीय'

सीमांत जिले पिथौरागढ़ की कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए बेडा से भट्ठयानी मेल्टीनाथ आंतरिक संपर्क मार्ग निर्माण हेतु 62.19 लाख रुपये की मंजूरी मिली है, जिसमें से 37.31 लाख रुपये काम शुरू करने के लिए जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा, राज्य के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को राहत देते हुए सरकार ने बिजली दरों में दी जाने वाली सब्सिडी के लिए 36.51 लाख रुपये की राशि भी अवमुक्त कर दी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad