खटीमा: ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में पहुंचे सीएम धामी, बच्चों को अपने हाथों से खाना परोसकर जीता दिल

ख़बर शेयर करें

खटीमा। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के गोसीकुआं भुड़ाई स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अनूठे कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र में मौजूद बच्चों, गर्भवती महिलाओं, माताओं के साथ ही आंगनबाड़ी और आशा कार्यकत्रियों से आत्मीय संवाद करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जायजा लिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को बेहद प्यार से दुलारा और उनसे बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बड़े ही सहज अंदाज में बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनके साथ जमीन पर बैठकर आत्मीयता के साथ समय बिताया। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक गोदभराई रस्म में भाग लिया और वहां उपस्थित गर्भवती महिलाओं को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान 10 गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार सामग्री की किट वितरित की तथा 10 अन्य पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट भी प्रदान की।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड रोडवेज पर मंडराया संकट: नहीं मिल रहे नए ड्राइवर, पुराने छोड़ रहे नौकरी

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से 5 नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली 9 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 2 आशा कार्यकत्रियों को भी मंच पर सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में अपने सार्वजनिक जीवन के 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित और समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णय सभी देशवासियों के लिए बड़ी प्रेरणा हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड को बड़ी सौगात: हरिद्वार के लिए 3 नई ट्रेनों को रेल मंत्रालय की मंजूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आंगन मिलन’ जैसे कार्यक्रम समाज के अंतिम छोर तक सेवा, स्नेह और सीधा संवाद पहुंचाने का बेहतरीन माध्यम हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों को पोषण देने की जगह नहीं हैं, बल्कि यह स्वस्थ भविष्य और प्रारंभिक शिक्षा की नींव तैयार करने वाले प्रमुख केंद्र हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में युवाओं को बड़ी सौगात: सीएम धामी ने 332 नव नियुक्त फार्मेसी अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि महालक्ष्मी किट, पोषण अभियानों और मुख्यमंत्री महिला पोषण योजना के जरिए लगातार सहायता दी जा रही है। दुर्गम क्षेत्रों में सुरक्षित प्रसव के लिए बर्थ वेटिंग होम और हेली एंबुलेंस जैसी आधुनिक सुविधाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सेवा भाव को नमन करते हुए कहा कि जब सरकार, समाज और परिवार मिलकर काम करेंगे, तभी एक सशक्त और स्वस्थ उत्तराखण्ड का सपना साकार होगा।