मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने किया टिहरी गढ़वाल का दौरा, विकास कार्यों का लिया जायजा

ख़बर शेयर करें

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दूसरे दिन टिहरी गढ़वाल के बौराड़ी क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया, जहां उन्होंने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र ढुंगीधार, श्रीदेव सुमन पुस्तकालय और बौराड़ी स्टेडियम पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता और मध्यान्ह भोजन योजना में सुधार हो, पुस्तकालय की प्राचीन पांडुलिपियों का संरक्षण किया जाए तथा स्टेडियम के निर्माण कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड ऊर्जा निगम में अंधेरनगरी! बिना रीडिंग आंख मूंदकर बांटे जा रहे बिजली बिल, दफ्तरों के चक्कर काट रही जनता

अपने निरीक्षण के क्रम में मुख्य सचिव ने आंगनबाड़ी केंद्र ढुंगीधार में बच्चों की संख्या, खेल सामग्री और पोषण पदार्थों की विस्तृत जानकारी ली और इस अवसर पर गर्भवती व धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित करने के साथ ही बच्चों का वजन भी माप करवाया।

इसके बाद उन्होंने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय का रुख किया, जहां उन्होंने मध्यान्ह भोजन योजना, बच्चों के बैठने के लिए फर्नीचर, उपस्थिति पंजिका और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और शिक्षकों द्वारा दी गई जानकारी पर संतोष व्यक्त करते हुए गुणात्मक शिक्षा के प्रयासों को सराहा।

यह भी पढ़ें -  देहरादून के नयागांव में तड़के सुबह पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, राजस्थान के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

मुख्य सचिव ने पुरानी टिहरी से विस्थापित कर वर्तमान स्थान पर स्थापित किए गए ऐतिहासिक श्रीदेव सुमन पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया, जिसमें राजशाही काल से लेकर आधुनिक विषयों तक की दुर्लभ पुस्तकों और प्राचीन पांडुलिपियों का समृद्ध संग्रह उपलब्ध है, जिससे शोधार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को बड़ा लाभ मिल रहा है।

इसके पश्चात उन्होंने बौराड़ी स्टेडियम का रुख कर वहां प्रस्तावित बैडमिंटन हॉल के निर्माण स्थल को देखा और संबंधित अधिकारियों को पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ निर्माण कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश जारी किए।

यह भी पढ़ें -  भाजपा का मिशन उत्तराखंड: विधानसभा चुनाव के लिए सांसदों, मंत्रियों और विधायकों का 24 घंटे का महा-प्रवास

निरीक्षण कार्यक्रमों के साथ ही विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय और नगर पालिका परिषद टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने डाइजर क्षेत्र में जैकरेण्डा के पौधों का रोपण कर समाज को पर्यावरण संरक्षण का एक बड़ा संदेश दिया।

इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित जिला स्तर के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और सम्मानित जनप्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad