Uttarakhand SIR: कुमाऊं-गढ़वाल आयुक्त करेंगे बूथों का सत्यापन, रैंडम चेकिंग के आदेश जारी

ख़बर शेयर करें

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सचिवालय में सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एसआईआर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान CEO ने प्रशासनिक स्तर पर पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों को दावे और आपत्तियों की जांच के तहत सुपर चेकिंग व फील्ड विजिट अभियान चलाने के कड़े निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: CM धामी ने सड़क, पर्यटन और बाढ़ सुरक्षा के लिए दी ₹288.41 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कुमाऊं आयुक्त को नैनीताल व ऊधमसिंह नगर और गढ़वाल आयुक्त को देहरादून व हरिद्वार जिलों में स्वयं कैंप करने के आदेश दिए हैं। दोनों आयुक्त अपने प्रवास के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार फील्ड विजिट करेंगे और सत्यापन कार्यों का जायजा लेंगे।

कैंप प्रवास के दौरान दोनों आयुक्त विशेष रूप से उन मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करेंगे, जहां नाम जोड़ने के लिए फॉर्म 6 और नाम हटाने के लिए फॉर्म 7 के सबसे अधिक आवेदन आए हैं। इसके साथ ही, सभी जनपदों के DMs को बूथों का औचक निरीक्षण कर सुपर चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में राज्यसभा सीटों पर चुनाव की तारीखों का ऐलान, 16 अक्टूबर को वोटिंग और नतीजे

बैठक में पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए विशेष मानक तय किए गए। जिन बूथों पर फॉर्म 6 के आवेदन 4 प्रतिशत से अधिक और फॉर्म 7 के आवेदन 2 प्रतिशत से अधिक प्राप्त हुए हैं, वहां संबंधित EROs को सभी फॉर्म्स का अनिवार्य रूप से क्रॉस वेरिफिकेशन करना होगा।

यह भी पढ़ें -  चारधाम पुनर्निर्माण: मास्टर प्लान क्षेत्र से बाहर अनधिकृत निर्माण पर लगेगा पूर्ण प्रतिबंध, शासनादेश के निर्देश

सचिवालय में आयोजित इस समीक्षा बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी डिजिटल माध्यम से मौजूद रहे।