Haldwani News: पिता को बचाने दौड़ी 12 साल की मासूम भी करंट की चपेट में आई, दोनों की मौत

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित बनभूलपुरा क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां करंट की चपेट में आने से पिता और उनकी 12 वर्षीय पुत्री की मौत हो गई। यह भीषण दुर्घटना घर की छत पर एसी का आउटर पैनल ठीक करने के दौरान हुई। मृतकों की पहचान 44 वर्षीय नदीम और उनकी बेटी अलिज्बा के रूप में हुई है।

घटना बनभूलपुरा के वार्ड संख्या 6, लाल मस्जिद क्षेत्र की है। पेशे से कार गैराज मैकेनिक 44 वर्षीय नदीम सोमवार रात लगभग 8:30 बजे अपने घर की छत पर लगे एसी में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने गए थे। इसी दौरान वह अचानक जोरदार करंट की चपेट में आ गए और चीखने लगे।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में स्केटिंग का महाकुंभ: हिमाद्री आइस रिंक में चीन समेत 14 देशों के एथलीट दिखाएंगे दम

पिता की आवाज सुनकर नीचे कमरे से उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिज्बा दौड़ती हुई छत पर पहुंची। अलिज्बा ने जैसे ही पिता को बचाने के लिए हाथ बढ़ाया, वह भी भयंकर करंट की चपेट में आ गई। करंट के तेज झटके के कारण पिता-पुत्री दोनों छत पर ही अचेत होकर गिर पड़े, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।

यह भी पढ़ें -  डोईवाला पुलिस ने शराब तस्कर को दबोचा, दून फैमिली रेस्टोरेंट से अवैध अंग्रेजी शराब बरामद...

हादसे के कारणों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार घर के पास स्थित बिजली के खंभे में करंट दौड़ रहा था जिसकी चपेट में नदीम आ गए। वहीं, बिजली विभाग के उप खंड अधिकारी मनीष जोशी ने बताया कि प्राथमिक सूचना के मुताबिक एसी के आउटर पैनल में आई तकनीकी खराबी के कारण करंट फैला था।

यह भी पढ़ें -  Chamoli Tunnel Accident: 8 की मौत, 2 की तलाश जारी, आयुक्त ने ली समीक्षा बैठक

सोमवार रात हुई इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे बनभूलपुरा और लाल मस्जिद क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। पुलिस और बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर मामले की विस्तृत जांच में जुट गई हैं ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad