उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री खजान दास ने आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए राजपुर विधानसभा क्षेत्र की संभावित समस्याओं और तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था, नालों की सफाई, पेयजल आपूर्ति और सड़कों की मौजूदा स्थिति की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को मानसून शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्य हर हाल में पूरे करने के कड़े निर्देश दिए।
मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि वर्षाकाल के दौरान आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और इसके लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें। बैठक के दौरान MDDA के जिम्मेदार अधिकारी की अनुपस्थिति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और भविष्य में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य करने को कहा। बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि ब्राह्मणवाला में आढ़त बाजार शिफ्टिंग से जुड़े निर्माण कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूरे हो चुके हैं और प्रभावित आढ़तियों को मुआवजा देने की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है।
इसके साथ ही, मंत्री खजान दास ने प्रिंस चौक क्षेत्र में होने वाले जलभराव की गंभीर समस्या का स्थायी समाधान खोजने, पेयजल व्यवस्था में सुधार करने तथा कांवली रोड, सुभाष रोड और मॉडर्न कॉलोनी रोड जैसी प्रमुख सड़कों को मानसून से पहले गड्ढा मुक्त व दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने परेड ग्राउंड की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को तुरंत जरूरी कदम उठाने को कहा।

