उत्तराखंड के 26 साल के इतिहास में पहली बार चंपावत जिले के बनबसा में आज पहली बार कैबिनेट बैठक होगी।सीएम पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में होने वाली धामी कैबिनेट में कई अहम फैसले लिए जाएंगे। कैबिनेट बैठक 11 बजे से शुरू होगी।
कैबिनेट बैठक में शिकरत करने के लिए कई मंत्री रविवार को ही चंपावत पहुंच गए थे। बनबसा में धामी कैबिनेट की बैठक NHPC परिसर में होगी। परिसर को कुमांऊ की मशहूर एपण कला और लोक संस्कृति की थीम पर सजाया गया है। खबर है कि कैबिनेट बैठक में ड्रेस कोड के तहत सभी कैबिनेट मंत्री सिर पर पहाड़ी टोपी पहने हुए नजर आएंगे।
पहली बार हो रही कैबिनेट बैठक के चलते कुमाऊं मंडल में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं बनबसा में हो रही धामी कैबिनेट का स्वागत मां पूर्णागिरी के पटके और मां वाराही के प्रसाद से किया जाएगा। NHPC परिसर के बैठक कक्ष को चंपावत जिले के प्रमुख धार्मिक , ऐतिहासिक और पर्यटन स्थल की तस्वीरों से सजाया गया है।
वहीं माना जा रहा है कि सीमांत क्षेत्र में आयोजित कैबिनेट बैठक में आंतरिक और वाह्य सुरक्षा के मद्दे नजर भी फैसले लिए जा सकते हैं । इसके साथ ही साथ सीमांत क्षेत्रों में जनसांख्यिकीय बदलाव की चिंताओं के साथ साथ अवैध अतिक्रमण , संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस चौकियों के सुदृढिकरण पर भी बड़े फैसले लिये जा सकते हैं।

