देहरादून में MDDA का बड़ा एक्शन: सहसपुर और मसूरी में अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर

ख़बर शेयर करें

देहरादून में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने एक बार फिर कड़ा रुख अपना लिया है। प्राधिकरण की टीम ने मंगलवार को सहसपुर और मसूरी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अवैध निर्माणों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: 5 किलो से ज्यादा अवैध गांजे के साथ महिला समेत 2 गिरफ्तार, ऋषिकेश में सप्लाई की थी तैयारी

इस बड़ी कार्रवाई के तहत सहसपुर के शेरपुर इलाके में हाईवे के पास करीब पांच बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया गया। इसके अलावा, सेलाकुई क्षेत्र में भी अवैध रूप से किए गए एक निर्माण को पूरी तरह ढहा दिया गया, जबकि मसूरी रोड पर स्थित कोल्हूखेत में भी अवैध निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण का डंडा चला।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में 'मियां' शब्द पर सियासी संग्राम: कांग्रेस के विरोध पर BJP का पलटवार, तुष्टीकरण का लगाया आरोप

MDDA के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी और सचिव मोहन सिंह बर्निया ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए साफ तौर पर चेतावनी दी है कि शहर के सुनियोजित विकास में बाधा डालने वाले और बिना अनुमति के निर्माण या प्लॉटिंग करने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के खिलाफ एमडीडीए का यह ध्वस्तीकरण अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा, जिससे भू-माफियाओं और अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है।