देहरादून। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष अनुरोध पर बनबसा रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 15093/15094 अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस के नियमित ठहराव को आधिकारिक रूप से स्वीकृति प्रदान कर दी है। रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री को एक औपचारिक पत्र भेजकर इस निर्णय की जानकारी दी है, जिससे चंपावत जिले और सीमांत क्षेत्र के निवासियों में भारी उत्साह है।
रेल मंत्रालय ने आम जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग और यात्रियों की सहूलियत को देखते हुए बनबसा रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव का सकारात्मक फैसला लिया है। अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस का बनबसा में स्टॉपेज मिलने से अब इस मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों को आवाजाही के लिए बेहतर और सुगम विकल्प मिल जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस जनहितैषी निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का उत्तराखंड की जनता की ओर से आभार जताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ट्रेन के नियमित ठहराव से सीमांत क्षेत्र के आम निवासियों, स्थानीय व्यापारियों, अध्ययनरत विद्यार्थियों, सैनिक परिवारों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा में बहुत बड़ी सुविधा मिलेगी।
बनबसा रेलवे स्टेशन पर इस प्रमुख ट्रेन के रुकने से कुमाऊं मंडल की रेल कनेक्टिविटी काफी मजबूत होगी। बनबसा नेपाल सीमा से सटा होने के कारण व्यापारिक और सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र है, ऐसे में इस ठहराव से न केवल स्थानीय लोगों का सफर आसान होगा, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।

