हल्द्वानी से लौटते समय बाजपुर में हुई भीषण ओलावृष्टि का CM धामी ने किया हवाई और स्थलीय निरीक्षण, दिए निर्देश

ख़बर शेयर करें

बाजपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज बाजपुर क्षेत्र में हुई भीषण ओलावृष्टि की सूचना मिलते ही प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण एवं स्थलीय निरीक्षण कर फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान किए जाने का आश्वासन दिया।

आज दोपहर लगभग 12 बजे बाजपुर क्षेत्र में अचानक भीषण ओलावृष्टि हुई, जिससे स्थानीय किसानों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा। इसी दौरान मुख्यमंत्री श्री धामी हल्द्वानी से देहरादून वापस लौट रहे थे और जैसे ही उन्हें इस प्राकृतिक आपदा की जानकारी मिली, उन्होंने खराब मौसम के बावजूद पायलट को हेलीकॉप्टर बाजपुर की ओर ले जाने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: UPES के 24वें छह दिवसीय दीक्षांत समारोह का भव्य आगाज; मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी की शिरकत

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले हेलीकॉप्टर से ओलावृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर जमीनी हालात का जायजा लिया। इसके पश्चात उन्होंने बाजपुर में उतरकर प्रभावित खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी कठिनाइयों की जानकारी प्राप्त की।

यह भी पढ़ें -  चकराता ऑडियो विवाद में फिर गरमाई सियासत! बॉबी पंवार ने फूंका प्रीतम सिंह और उनके भाइयों का पुतला, बोले—आज नहीं जागे तो कल अपने परिवार की बारी होगी!

मुख्यमंत्री ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का विस्तृत सर्वेक्षण और नुकसान का आकलन प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी तत्परता से सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने इस दौरान कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ अन्नदाता किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें समय पर हरसंभव सहायता देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

यह भी पढ़ें -  पिथौरागढ़: मुनस्यारी ब्रिज हादसे का 6 साल पुराना वीडियो वायरल फैलाई अफवाह, DM ने दिए FIR दर्ज करने के आदेश

उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि प्रभावित किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने पाए। नुकसान के आकलन से लेकर राहत राशि वितरण तक की पूरी प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता बरती जाए।